भिवानी। स्वतंत्रता दिवस को लेकर इस बार भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पूरे देश में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। वर्ष 2022 में अमृत महोत्सव के तहत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों, दफ्तरों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना और तिरंगे के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव बनाना है।
उपायुक्त साहिल गुप्ता ने बताया कि यह अभियान तीन चरणों में चलेगा, जो 2 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त 2025 तक चलेगा। पहला चरण 2 से 8 अगस्त तक, दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक और तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक चलेगा। प्रत्येक चरण में अलग-अलग जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें ध्वजारोहण, बाइक व साइकिल रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, सामुदायिक संवाद, डिजिटल सहभागिता जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
अभियान में स्कूल-कॉलेजों, युवा संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं, खिलाड़ियों, ''माई भारत'' संगठन, एनएसएस के स्वयंसेवकों, आरडब्ल्यूए और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में कई नई पहलें भी जोड़ी गई हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को और मजबूत कर सकें।