हनुमान जोहड़ी मंदिर में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजेताओं खिलाड़ियों को सम्मानित करते
भिवानी। युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट की ओर से स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हनुमान जोहड़ी मंदिर में वॉलीबाल प्रतियोगिता करवाई गई। स्पर्धा के समापन पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर अध्यक्षता नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन मामनचंद प्रजापति ने की।
प्रतियोगिता का आयोजन मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज के सान्निध्य में किया गया। जानकारी देते हुए समाजसेवी रमेश सैनी व पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भिवानी से वॉलीबाल की 11 टीमों ने हिस्सा लिया। स्पर्धा में हनुमान ढाणी मंदिर की टीम प्रथम, पालुवास की टीम द्वितीय व सेक्टर 13 की टीम तृतीय स्थान पर रही।
विजेता टीम को नकद राशि व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि भिवानी जिला के बेटे-बेटियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा के दम पर विश्व भर में अलग पहचान स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलता है तथा वे भविष्य में ओर भी शानदार प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित होते है। मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने कहा कि खेलों में हार जीत से ज्यादा महत्व प्रतिभागी बनने का है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खेल में हार-जीत तो निश्चित है, लेकिन जरूरी बात यह है कि यदि खिलाड़ी हारता भी है तो उसे अपनी हार से सबक लेकर भविष्य में ओर अधिक मेहनत करनी चाहिए, ताकि वह अपनी हार को जीत में तब्दील कर सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वे नशे से दूर रहते हुए खेलों में आगे बढ़े। इस अवसर पर कोच हरीश, सुनील, मोनिया सैनी, राहुल सिंहमार, दीपक, अधिवक्ता धीरज सैनी, राजकुमार, चित्रकार शिवकुमार, दिनेश दाधीच, धीरज कक्कड़ मौजूद रहे।