भिवानी। भीम स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-11 और अंडर-14 आयु वर्ग की स्कूली खेल प्रतियोगिता सोमवार को संपन्न हो गई। समापन अवसर पर अंडर-14 आयु वर्ग के बालकों की फुटबाल प्रतियोगिता में हलवासिया विद्या विहार भिवानी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन भिवानी द्वितीय और राजकीय उच्च विद्यालय प्रेम नगर तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी अनिल गौड़ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों में अनुशासन व खेल भावना के साथ भाग लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का एक महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन में नोडल अधिकारी मदन गोपाल प्रवक्ता की अगुवाई में आयोजन समिति ने अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में ओलंपिक और नॉन-ओलंपिक खेलों को शामिल किया गया, जिनमें हॉकी, फुटबाल, क्रिकेट, आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबाल, मुक्केबाजी, जिमनास्टिक, हैंडबाल, जूडो, तैराकी, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, वॉलीबॉल, कुश्ती, बेसबाल, कबड्डी, चैस, नेटबॉल, स्केटिंग, योग, कैरम और रस्साकसी शामिल रहे।
आयोजन समिति में रीमा परमार (प्राचार्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरक कला), सीमा सरदाना, पवन शास्त्री (स्टेट अवॉर्डी), रविंदर वैद (प्राचार्य), अनिल अलवासिया, सत्यवान कोच और सह-प्रभारी विनोद पिंकू शामिल रहे। खंड स्तर पर आगे लड़कियों की अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
ये रहे परिणाम
मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दम दिखाया। सह प्रभारी विनोद पिंकू ने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग की विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले हुए। 28 से 30 किलोग्राम वर्ग में शिवम ने पहला और अभिराव ने दूसरा स्थान पाया। 30 से 32 किलो में दीपांशु प्रथम और देवेंद्र द्वितीय रहे। 32 से 34 किलो वर्ग में हरिवंश ने बाजी मारी जबकि देव दूसरे नंबर पर रहे। 34 से 36 किलो में हुनर अव्वल और मनप्रीत उपविजेता बने। 36 से 38 किलो वर्ग में गौरव ने पहला और हर्ष ने दूसरा स्थान हासिल किया। 38 से 40 किलो में दीपांशु ने फिर से जीत दर्ज की, वहीं धीरज दूसरे स्थान पर रहे। 40 से 42 किलो में तपन ने स्वर्ण पदक जीता और यश कौशिक ने रजत। 44 से 46 किलो वर्ग में आशीष, 46 से 48 किलो में विराट और 48 से 50 किलो भार वर्ग में मोहित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।