भिवानी। एलआईसी रोड स्थित विला गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ कर संचालक व मैनेजर को जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने सात-आठ अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, पूरी वारदात भी गेस्ट हाउस के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।
पुराना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी देवेंद्र ने सिविल लाइन पुलिस थाना में लिखित शिकायत दी थी। उसने बताया था कि एलआईसी रोड पर उसका विला गेस्ट हाउस है, जिस पर गांव दिनोद निवासी दीपक बतौर मैनेजर काम कर रहा है। दीपक का 12 फरवरी की रात को फोन आया था कि कुछ लोग होटल के अंदर तोड़फोड़ कर रहे हैं। इस सूचना पर वह मौके पर पहुंचा था। आरोपी हरियाणा सरकार लिखी सफेद रंग की बोलेरो कैंपर गाड़ी लेकर आए थे।
इसके कागजातों की सरकारी रिकाॅर्ड से जांच के बाद पता चला कि ये गाड़ी बिजली निगम की है, जिसे आरोपी मांगकर लेकर आए थे। हमलावरों में कुछ युवक गांव प्रेमनगर के भी बताए जा रहे हैं। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है। संवाद