गांव धनाना में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में मौजूद अतिथि, खिलाड़ियों के साथ
भिवानी। खेलों में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान से न केवल खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन होता है, बल्कि अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलती है। यह बात किसान युवा क्लब के संचालक राकेश बेनीवाल ने गांव धनाना में हैंडबाल कोच कुलजीत सिंह सिप्पा की स्मृति में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में बतौर मुख्यअतिथि संबोधित करते हुए कहीं।
हैंडबाल कोच कुलजीत सिंह सिप्पा की स्मृति में आयोजित इस हैंडबाल प्रतियोगिता का स्पांसर किसान युवा क्लब रहा। इस प्रतियोगिता में देशभर से करीबन 20 टीमों ने हिस्सा लिया था। इसमें गुजरात साई की टीम प्रथम, धनाना की टीम द्वितीय तथा पंजाब विश्वविद्यालय की टीम तृतीय रही।
विजेता टीमों को मुख्यअतिथि किसान युवा क्लब के संचालक राकेश बेनीवाल ने 51 हजार, 31 हजार व 21 हजार की नकद राशि देकर सम्मानित किया। राकेश बेनीवाल ने कहा कि खेलों की बदौलत ही आज हरियाणा विश्व भर में अपनी अलग पहचान रखता है तथा यह सब यहां के खिलाड़ियों की प्रतिभा एवं मेहनत के दम पर ही संभव हो पाया है।