रोहतक गेट स्थित एक गेस्ट हाउस में पति-पत्नी से आईडी मांगने व अधिक रूपये लेने पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि धक्का-मुक्की हुई और मामला चौकी तक पहुंच गया। चौकी में मौजिज लोगों की पंचायत में विवाद निपटा।
रोहतक गेट चौक के पास स्थित एक गेस्ट हाउस पर बुधवार को पति-पत्नी पहुंचे और कमरे की मांग की। गेस्ट हाउस कर्मचारियों ने आईडी मांगी तो दोनों ने बताया कि फिलहाल उनके पास नहीं है मगर मंगवा देंगे। बाद में आधार कार्ड की कॉपी भी मंगवा दी गई। पांच सौ रुपये लेकर कमरा दे दिया गया। जब युवक ने कहा कि कमरा एसी तो है ना तो कर्मचारियों ने बताया कि एसी के लिए 15 सौ रुपये लगेंगे। इसी बात पर कहासुनी हुई और कर्मचारियों ने पांच सौ रुपये लौटाते हुए कहा कि आप यहां से चले जाएं। युवक का आरोप है कि उसे धक्के मारे गए। इसी बात पर विवाद बढ़ा और गाली-गलौच के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। गेस्ट हाउस के बाहर भीड़ जमा हो गई। मामला जैन चौक चौकी पहुंचा तो वहां अन्य गांवों की पंचायत किसी मामले में आई हुई थी। युवक भी उनका जान पहचान का निकला। वहीं गेस्ट हाउस संचालक के समर्थन में दुकानदार चौकी पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के मौजिज लोगों के बाद समझौता करवाया गया। करीब एक घंटे से भी ज्यादा समय तक हंगामा रहा। गेस्ट हाउस संचालक ने बताया कि पुलिस के निर्देश है कि सभी से आईडी ली जाए। इसी कारण आईडी ली गई।
मामले में जैन चौक चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि आईडी और बाद में रूपये को लेकर विवाद हुआ है। अब दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है। कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।