भिवानी। दिवाली पर पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त साहिल गुप्ता ने बताया कि 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे तक ही ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति होगी। इसके बाद 9 नवंबर से जिले में पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लागू हो जाएगा।
प्रशासन के निर्देशानुसार पटाखों की बिक्री 4 से 6 नवंबर तक केवल निर्धारित स्थानों पर की जा सकेगी। 7 और 8 नवंबर को पटाखों की बिक्री नहीं होगी। उपायुक्त ने विशेषकर युवाओं से निर्धारित समय में ही ग्रीन पटाखे चलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं पर्यावरण को प्रदूषित करने के साथ बुजुर्गों, बीमार लोगों और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
अभिभावक बच्चों को प्रदूषण के दुष्प्रभाव बताएं
उपायुक्त ने अभिभावकों से बच्चों को पटाखों से होने वाले प्रदूषण और उसके दुष्प्रभावों के बारे में समझाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण सभी के स्वास्थ्य के लिए खतरा है। पटाखों के धुएं से आमजन को भी सांस लेने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहना और दूसरों की सेहत का ध्यान रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। वहीं चिकित्सकों ने बुजुर्गों और बीमार लोगों को आतिशबाजी के निर्धारित समय के दौरान घर से बाहर खुले में घूमने से बचने की सलाह दी है। पटाखों का धुआं सांस के जरिये शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। अस्थमा से पीड़ित लोगों के लिए यह धुआं अधिक परेशानी पैदा कर सकता है। इसलिए ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।