तोशाम में दीनबंधु सर छोटूराम का भव्य स्मारक बनाने के लिए कार्य में लगे लोग।
तोशाम। तोशाम में दीनबंधु सर छोटूराम का स्मारक बनाया जा रहा है। जो उनके प्रति श्रद्धांजलि का एक संकेत स्थापित करेगा। यह जानकारी युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने तोशाम वासियों से वार्ता करते हुए कही।
कमल सिंह प्रधान ने बताया कि दस लाख रुपये की लागत से बन रहा यह भव्य स्मारक आने वाली पीढ़ियों को सर छोटूराम के बारे में अवगत कराता रहेगा। इसके अतिरिक्त नेताजी सुभाषचंद्र बोस, महाराजा सूरजमल, महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह, भगवान परशुराम, डॉ. भीमराव अंबेडकर, ज्योतिबा फुले समेत अनेक महापुरुषों की भव्य प्रतिमाएं भिवानी जिले में स्थापित की जाएंगी ताकि युवा पीढ़ी इन महापुरुषों से प्रेरणा लेकर इनके विचार अपने जीवन में ग्रहण करे।
कमल प्रधान ने कहा कि युवा कल्याण संगठन इन स्मारकों की स्थापना में हर संभव प्रयास और योगदान कर रहा है और आगे भी करता रहेगा। दीनबंधु सर छोटूराम ने हर वर्ग, खासतौर पर किसानों के लिए संघर्षरत रहने का काम किया और अंग्रेजी हुकूमत को किसानों के हक में फैसले लेने के लिए बाध्य किया। इस अवसर पर युद्धवीर चेयरमैन, सत्यवान पंघाल, राजेश खरकड़ी, इंद्र ख्याली मौजूद रहे।