फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी खरीद एजेंसियों का लक्ष्य पूरा, 1700 किसान नहीं बेच पाए फसल

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। गेहूं की सरकारी खरीद में एजेंसियों का संभावित लक्ष्य पूरा हो चुका है, लेकिन अभी भी जिले के करीब 1700 किसानों का फसल बिक्री का सपना अधूरा है। इन किसानों की फसल न तो खेत में है न घर में सुरक्षित, बल्कि मंडियों में खुले आसमान के नीचे पड़ी है। जिनकी खरीद को लेकर भी असमंजस बना है। जिले में अब तक दो लाख 53 हजार 747 मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी हैं, जबकि इस बार खरीद एजेंसियों का संभावित लक्ष्य करीब ढ़ाई लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का था।
विज्ञापन

एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हुई थी, खरीद एक माह भी नहीं चली और 30 अप्रैल से पहले ही इसे बंद कर दिया। जिसका नुकसान ये हुआ कि अभी भी मंडियों में हजारों क्विंटल गेहूं पड़ा हैं, जिसकी खरीद बीच में ही अटक गई हैं। अब किसानों के लिए गेहूं को मंडी से उठाना भी नहीं बनता है और न ही इसकी बिक्री किसी ओर को की जा सकती है। क्योंकि ये गेहूं सरकारी रिकार्ड में एक बार दर्ज तो हुआ है, मगर इसकी खरीद कहीं नहीं हुई है।
खरीद के इंतजार में इन मंडियों में पड़ा हैं गेहूं
जिला मुख्यालय की भिवानी मंडी में 160 किसानों का 13851 क्विंटल गेहूं पड़ा हैं, जिसका गेट पास भी जारी किया जा चुका है, मगर खरीद नहीं हुई। 125 किसान ऐसे हैं, जिनका करीब 25 हजार क्विंटल गेहूं मंडी में पहुंच चुका हैं, जिसकी अभी खरीद बाकी है। बांडाहेडी मंडी में 169 किसानों का 18639 क्विंटल गेहूं खरीद होना बाकी है। चांग मंडी में 60 किसानों का करीब दस हजार क्विंटल गेहूं खरीद होने के इंतजार में पड़ा है। जुई मंडी में खरीद सीजन में 3877 गेट पास कटे, इसमें दो लाख 19713 क्विंटल गेहूं पहुंचा। इसमें भी अधिकांश किसानों का गेहूं अभी खरीद होना बाकी है। लोहारू मंडी में भी 95 से अधिक किसानों का गेहूं खरीद के इंतजार में पड़ा है। तोशाम मंडी का भी यही हाल है। इसमें भी अभी सौ से अधिक किसान गेहूं की सरकारी खरीद की आस में बैठे हैं। बहल मंडी में 105 किसानों का करीब नौ हजार 705 क्विंटल गेहूं खरीद होना बाकी है। बवानीखेड़ा मंडी में 3402 किसानों को फसल खरीद के गेट पास मिले, जिनमें अभी भी 146 किसानों की फसल खरीद होनी बाकी है। धनाना मंडी में 196 किसानों का 23829 क्विंटल गेहूं खरीद करना बाकी है।
विज्ञापन

अब तक इन मंडियों मेें हो चुकी हैं गेहूं की ये सरकारी खरीद
मंडी खरीद मीट्रिक टन में (गेहूं)
भिवानी 37893
खरककलां 7110
चांग 12542
लोहारू 22608
बवानीखेड़ा 44549
बहल 18692
धनाना 21509
ढिगावा 30820
सिवानी 22501
तोशाम 15130
जुई 20387
------------
कुल: 253747 एमटी
ये किया कृषि विभाग ने आंकड़ों का विश्लेषण
कृषि विभाग ने गेहूं बिजाई के आंकड़ों का विश्लेषण किया था, इसी आधार पर जिले में फसल खरीद का संभावित लक्ष्य भी बना था। जिले में एक लाख 12 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं बिजाई हुई थी। रबी सीजन में प्रति एकड़ 45 क्विंटल गेहूं अनुमानित उत्पादन तय किया गया था। इसी आधार पर किसानों के प्रति एकड़ 40 क्विंटल गेहूं की खरीद सरकार कर रही है।
बयान ----
कृषि विभाग संभावित बिजाई के आधार पर ही किसानों के फसल उत्पादन का आकलन भी करता है। इसी आकलन की रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाती हैं, जिस पर जिले में फसल खरीद का संभावित लक्ष्य तैयार किया जाता है। फसल खरीद का शेड्यूल कृषि विपणन मुख्यालय से ही जारी हो रहा है।
- डॉ. आत्माराम गोदारा, कृषि उपनिदेशक भिवानी।
अब तक करीब ढ़ाई लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियां कर चुकी हैं। खरीद हो चुका गेहूं का उठान भी मंडियों से जारी है। खरीद को लेकर अभी तक हमारे पास कोई दिशा निर्देश नहीं आए हैं, जैसे उच्चाधिकारियों की तरफ से निर्देश आएंगे, उसी के अनुरूप कदम उठाए जाएंगे।
- अनिल कालरा नोडल अधिकारी व जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक भिवानी।
तीन मई तक गेहूं खरीद का पोर्टल बंद किया गया था। इसके बाद से ही पोर्टल नहीं खुला है। फिलहाल जिन किसानों को मंडियों में गेहूं खरीद के गेट पास जारी हुए थे और जो गेहूं मंडी में पहुंच चुका था, उसकी रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी गई है। जैसे ही मुख्यालय से किसानों के पास फसल खरीद के मेसेज भेजे जाएंगे, उसी हिसाब से खरीद कराएंगे।
विज्ञापन

- ज्योति धनखड़, कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव मार्केटिंग बोर्ड भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें