भिवानी। जिले के सभी महाविद्यालयों और आईटीआई में दाखिले के लिए चल रहे ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून को समाप्त हो चुकी है। विद्यार्थियों ने स्वयं वित्त योजना वाले संकाय में कम दिलचस्पी दिखाई है। जैसे कि बीकॉम सेल्फ फाइनेंस, बीएससी फिजिकल साइंस के सेल्फ फाइनेंस में कम आवेदन आए हैं। जबकि ऑडिट वाले विषय में विद्यार्थियों ने बालों में उपलब्ध सीट से 3 गुना अधिक आवेदन किया है। वहीं दाखिले के आवेदनों के मामले में राजकीय आईटीआई भिवानी राज्य में तीसरे स्थान पर रही।
11157 विद्यार्थियों ने इस आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन किया है। जबकि राजकीय आईटीआई महिला भिवानी में सिलाई-कढ़ाई कोर्स का एक और यूनिट शामिल किया गया है। दाखिले के आखिरी दिन पोर्टल खुलने में परेशानी आ रही थी। पोर्टल न खुलने की वजह से विद्यार्थियों को महाविद्यालय जाना पड़ा।
फीस के कारण एसएफएस में हुए कम आवेदन
जिले के हर महाविद्यालय में दो तरीकों से विद्यार्थी की ओर से आवेदन किया जाता है एक ऑडिट और स्व वित्त योजना। सभी महाविद्यालय में स्व वित्त योजना में शामिल संकायों में कम आवेदन आए हैं। इसका कारण यह है कि ऑडिट वाले संकायों में इन संकायों के मुकाबले बहुत कम फीस होती है। इसलिए इनकी सीटें जल्दी भर जाती हैं। जबकि स्व वित्त में आने वाले संकाय की सीटें खाली रह जाती हैं। फिर इन सीटों को काउंसलिंग के दौरान भरा जाता है।
आखिरी दिन पोर्टल खुलने में हुई देरी
दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन का 25 जून को आखिरी दिन था। इस वजह से वेबसाइट काफी व्यस्त रही और पोर्टल देरी से खुले। आवेदन को देखने के लिए कॉलेज के अध्यापकों को इंतजार करना पड़ा। घंटों की देरी के बाद इंटरनेट ठीक होने से पोर्टल खुले और आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई।
राजकीय आईटीआई भिवानी में आए इतने आवेदन
आईटीआई में 22 ट्रेड पर कुल 852 सीट हैं जबकि आवेदन 11,115 विद्यार्थियों के आ चुके हैं। सबसे कम आवेदन फाउंड्रीमैन और वुड वर्क टेक्नीशियन में आया है। इनमें केवल 17 आवेदन विद्यार्थियों ने किया है। इसी के साथ ही आईटीआई के नोडल अधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि इस बार दाखिले के लिए आवेदन के मामले में भिवानी राज्य में तीसरे स्थान पर रहा है।
अब महिला आईटीआई में जुड़ा एक और यूनिट
अब महिला आईटीआई भिवानी में 25 जून को एक और यूनिट सिलाई-कढ़ाई के कोर्स में जोड़ा गया है। जहां पहले इस ट्रेड में 40 सीटें थी। वहीं अब 20 सीटों की और बढ़ोतरी कर दी गई है। सीटों की गिनती बढ़कर अब 60 हो गई है। मांग अधिक होने के चलते सीटों में बढ़ोतरी की गई है। सबसे कम आवेदन इलेक्ट्रॉनिक मशीन और सतह अलंकरण तकनीक कढ़ाई ट्रेड में आए हैं। इलेक्ट्रॉनिक मशीन में 24 सीटों पर 16 विद्यार्थी आवेदन किया है।
भिवानी आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब विभिन्न ट्रेडों में दाखिले होंगे। भिवानी की महिला आईटीआई में सिलाई और कढ़ाई में डिमांड ज्यादा थी, इसलिए इनमें 20 सीटें इस सत्र से बढ़ाई गई हैं। - बलबीर सिंह, प्राचार्य, महिला आईटीआई भिवानी।