जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में सोमवार सुबह दस बजे चेकअप के लिए आई बाल सेवा आश्रम में रह रही एक 17 साल की लड़की अचानक लापता हो गई। लड़की बाल सेवा आश्रम की महिला वार्डन के साथ ओपीडी में चेकअप के लिए आई थी। ओपीडी से गायब हुई लड़की के संबंध में महिला वार्डन ने सूचना आश्रम के सुपरिटेंडेंट को दी। इसके बाद सुपरिटेंडेंट शहर थाना पुलिस में लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है।
तोशाम रोड स्थित बाल सेवा आश्रम के सुपरिटेंडेंट कृष्ण चंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 22 फरवरी 2023 को चरखी दादरी क्षेत्र के एक गांव से बाढ़डा पुलिस थाना की महिला एएसआई द्वारा एक लड़की को बरामद किया गया था। बाल कल्याण समिति के आदेश पर लड़की को बाल सेवा आश्रम में लाया गया था। इसके बाद से ये लड़की यहां रह रही थी। सोमवार सुबह महिला वार्डन आश्रम से दो लड़कियों को जिला नागरिक अस्पताल में चेकअप के लिए लेकर गई थी। ओपीडी की लाइन में लगने के दौरान ही लड़की अचानक वहां से गायब हो गई। इसे आसपास काफी ढूंढा गया, मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा।
वहीं आश्रम प्रबंधन को भी मामले की सूचना दी गई। इसके बार लड़की के नागरिक अस्पताल से लापता होने की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी गई। फिलहाल शहर थाना पुलिस लापता हुई लड़की के संबंध में तहकीकात में जुटी है। इस संबंध में बाल सेवा आश्रम के सुपरिटेंडेंट कृष्ण कुमार ने बताया कि लड़की की तबीयत बिगड़ने पर उसका चेकअप कराने के लिए महिला वार्डन के साथ नागरिक अस्पताल भेजा गया था, वहां से लड़की लापता हुई है।