भिवानी। जिले में सोमवार से जिलास्तरीय गीता महोत्सव का शानदार आगाज होगा। तीन दिनों तक जिले में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गीता जयंती महोत्सव में धार्मिक संस्थाओं, मंदिर कमेटियों व सामाजिक संस्थाओं की भी भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों को महोत्सव को शानदार तरीके से आयोजित करवाने को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरअसल, हुड्डा पार्क में 9 से 11 दिसंबर तक जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव में धार्मिक संस्थाओं, मंदिर कमेटियों व सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग रहेगा। महोत्सव प्रेरणादायी होने के साथ-साथ भव्य और आकर्षक भी होगा।
महोत्सव के दौरान तीनों दिन तक विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से विभागों द्वारा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग योजनाओं का लाभ उठा सके। गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ हवन यज्ञ व गीता पूजन के साथ किया जाएगा। तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें स्कूली बच्चों के अलावा लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
महोत्सव में इन विभागों की होगी भागीदारी
जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव स्थल पर यातायात पुलिस और सचिव प्रादेशिक परिवहन, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला कल्याण विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बिजली वितरण निगम, स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, अग्रणी बैंक, राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय आजीविका मिशन शहरी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग, आयुष विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, पोस्ट ऑफिस बैंक स्टॉल लगाकर अपने-अपने विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी देंगे। इसके अलावा शहर की विभिन्न प्रमुख सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं द्वारा भी स्टॉल लगाई जाएंगी।
गीता के अध्यायों पर निकाली जाएगी नगर शोभा यात्रा
महोत्सव में ग्लोबल श्लोकोउच्चारण, विभिन्न स्कूलों के बच्चे कुरुक्षेत्र कार्यक्रम से सीधे रूप से जुड़ना, स्कूली बच्चों व धार्मिक संस्थाओं, मंदिर कमेटियों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा गीता के अध्यायों पर आधारित नगर शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी प्रकार से धार्मिक स्थानों, मंदिर कमेटियों के प्रतिनिधियों और जिला के सभी ग्राम पंचायतों और नगर परिषद तथा नगर पालिकाओं के जनप्रतिनिधियों द्वारा 11 दिसंबर को दीपोत्सव का आयोजन होगा। गीता जयंती महोत्सव स्थल पर गीता की आरती की जाएगी।
51 दिवसीय गीता जयंती महोत्सव के तहत नवदंपती को भेंट की गीता
भिवानी। 11 दिसंबर को मनाए जाने वाले गीता जयंती महोत्सव के तहत हनुमान ढाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर में युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज के सान्निध्य में 51 दिवसीय गीता जयंती कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिनके तहत विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को गीता जयंती महोत्सव एवं जीवन में गीता के महत्व से रूबरू करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में बालयोगी महंत चरणदास महाराज के सान्निध्य में समाजसेवी रमेश सैनी ने नवदंपती संदीप व ललिता को गीता भेंट कर नवजीवन की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर समाजसेवी रमेश सैनी ने कहा कि भगवत गीता जीवन के हर क्षेत्र में मार्गदर्शन प्रदान करती है। नवदंपती के लिए यह एक ऐसा ग्रंथ है, जो रिश्तों, कर्तव्यों, और जीवन की चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नवदंपति को भगवत गीता भेंट करना भारतीय संस्कृति और परंपरा में गहरी आध्यात्मिक और नैतिक प्रेरणा का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रीथी सैनी, विजेंद्र सैनी, मुकेश, कुलदीप, रणबीर दहिया मौजूद रहे।