भिवानी। एडीसी हर्षित कुमार ने कहा कि छोटी काशी हुडा पार्क में 9 से 11 दिसंबर तक जिलास्तरीय गीता जयंती मनाया जाएगा। गीता जयंती महोत्सव के लिए तैयारियों के बारे में सभी विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
धार्मिक, मंदिर व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक 3 दिसंबर मंगलवार को डीआरडीए हाल में आयोजित की जाएगी। जहां गीता जयंती महोत्सव को भव्य तरीके से बनाने के लिए उनके साथ मंत्रणा की जाएगी। गीता जयंती को लेकर संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश देते हुए एडीसी ने कहा है कि हुडा पार्क में 9 से 11 दिसंबर तक गीता जयंती समारोह मनाया जाएगी।
उन्होंने कहा कि गीता जयंती समारोह प्रेरणादायी होने के साथ-साथ भव्य और आकर्षक होगी। तीन दिन तक चलने वाले गीता जयंती महोत्सव के दौरान तीनों दिन विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से विभागों द्वारा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्कूली बच्चों के अलावा लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा सेमिनार का आयोजन होगा, जिसमें गीता मनीषी गीता के महत्व पर अपना व्याख्यान देंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्कूली बच्चों द्वारा गीता का श्लोकोच्चारण किया जाएगा। इसके अलावा अंतिम दिन नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें गीता पर आधारित झांकियां शामिल होंगी। नगर शोभा यात्रा में धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं भी गीता पर आधारित अपनी झांकी शामिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि गीता जयंती महोत्सव को एक मेले का स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने शहर की सभी धार्मिक, मन्दिर व सामाजिक संस्थाओं से गीता जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है ताकि जिला में गीता जयंती के रंग में रंगा नजर आए।
वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गीता जयंती समारोह में भाग लेने वाले स्कूलों की सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तैयारियां करवाना सुनिश्चित करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम भगवान श्रीकृष्ण लीला और गीता पर ही आधारित होंगे।