भिवानी। एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए जिले की गैस एजेंसियों पर निरीक्षक और उपनिरीक्षक की ड्यूटी लगा दी है। अब इनकी मौजूदगी में ही उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर वितरित किए जाएंगे ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। एएफएसओ मुकेश कुमार ने बताया कि गैस उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या न आए इसके लिए भिवानी जिले की प्रत्येक गैस एजेंसी पर खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक व उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है। साथ ही गैस की कालाबाजारी रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उपभोक्ताओं की शिकायतों की मौके पर ही सुनवाई कर उनका निपटारा भी किया जाएगा।
ड्यूटी के तहत निरीक्षक आजाद को राहुल गैस एजेंसी और गिरी गैस सर्विस, निरीक्षक सुखबीर को चमेली इंडियन गैस एजेंसी भिवानी, निरीक्षक नवीन रोहिल्ला को प्रवीन गैस एजेंसी महम गेट व ओम गैस सर्विस इम्प्रूवमेंट मार्केट भिवानी, निरीक्षक संजय को भवानी गैस सर्विस बवानीखेड़ा व परमहंस गैस एजेंसी धनाना, निरीक्षक सचिन को सेवा भारती गैस लोहानी पर तैनात किया गया है।
इसी तरह उपनिरीक्षक अरविंद को भिवानी गैस एजेंसी जाट धर्मशाला, उपनिरीक्षक आदित्य को गैस सर्विस मुंढाल, उपनिरीक्षक राहुल को चांग स्थित अनिल एचपी गैस और उपनिरीक्षक रोहित रोहिल्ला को उमदा भारत गैस ग्रामीण वितरक बापोड़ा पर गैस वितरण की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।