भिवानी। राष्ट्रीय स्कूली खेलों में प्रदेशभर के 800 राज्य स्तर के खिलाड़ियों का भविष्य अटक गया है। क्योंकि उनके राष्ट्रीय खेलों को ही रद्द कर दिया है। अंडर 14 और अंडर 17 आयु वर्ग के करीब 800 खिलाड़ियों के लिए शिक्षा विभाग ने इनके राष्ट्रीय खेलों को लेकर कोई कार्यक्रम तक जारी नहीं किया। सिर्फ 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए ही राष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए ट्रायल शुरू करा दी गई। नॉन ओलंपिक के करीब 20 खेलों पर भी स्कूली शिक्षा खेलों में कोई तवज्जो नहीं दी गई, जिसकी वजह से इन खेलों के कोई भी राष्ट्रीय खेल स्कूली स्तर पर अब नहीं होंगे।
हरियाणा स्कूली शिक्षा विभाग 66वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शुरू करा चुका है। चयन प्रक्रिया में अंडर 19 आयु वर्ग के खिलाड़ी ही शामिल किए गए हैं। जबकि स्कूली राष्ट्रीय खेलों में अंडर 14 और 17 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया। इन दोनों ही वर्गों की खंड स्तर, फिर जिला स्तर और राज्य स्तर पर स्कूली खेल प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं, जिनमें करीब 800 से अधिक खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा के दम पर नेशनल के लिए क्वालीफाई भी किया था। मगर अब इन खिलाड़ियों के भविष्य के आगे प्रश्नचिह्न लग गया। ये खिलाड़ी अब अगले साल ही नए सिरे से खंड स्तर से लेकर जिला और फिर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा को दोबारा साबित कर नेशनल तक पहुंचने की जद्दोजहद में शामिल होंगे।
इन खेलों के खिलाड़ियों की प्रतिभा दम तोड़ रही
स्कूली खेलों में अंडर 14 और अंडर 17 आयु वर्ग के एथलेटिक्स, फुटबाल, मुक्केबाजी, जूडो, बैडमिंटन, हॉकी, वाॅलीबॉल, टेबल टेनिस, हैंडबाल, बास्केटबाल, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, ताइक्वांडों, योगा, खो-खो, कबड्डी, चेस, शूटिंग, तैराकी, लाॅन टेनिस शामिल हैं। इन खेलों में सिर्फ अंडर 19 आयु वर्ग के खिलाड़ी वर्ग का ही राष्ट्रीय खेलों के लिए चयन होगा। जबकि अंडर 14 व 17 आयु वर्ग के राज्य स्तर तक जीत चुके खिलाड़ियों का आगे खेल भविष्य समाप्त हो गया।
राष्ट्रीय स्कूली खेलों में सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलना चाहिए। अंडर 14 और अंडर 17 आयु वर्ग के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय खेल स्पर्धाएं न कराकर शिक्षा विभाग ने खेल प्रतिभाओं के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है। हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन सभी वर्गों के राष्ट्रीय खेल कराने की पुरजोर मांग करता है।
-राजेश ढांडा, राज्य संरक्षक हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन।
अभी तक हमारे समक्ष 66वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलों के अंडर 19 आयु वर्ग की ट्रायल के संबंध में सूचना आई है। जबकि अंडर 14 व 17 आयु वर्ग के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। इन वर्गों के खेल किस वजह से नहीं होंगे, अभी इस संबंध में हम कुछ नहीं कह सकते हैं।
-कुलदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी भिवानी।