भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के लिए राजकीय व अराजकीय स्थायी और अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के परीक्षार्थियों के प्रायोगिक परीक्षा अंक तथा आंतरिक मूल्यांकन अंक 2 फरवरी से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के अंतर्गत प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन 2 फरवरी से 16 फरवरी तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजकीय व अराजकीय स्थायी एवं अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों तथा गुरुकुल और विद्यापीठ के परीक्षार्थियों के प्रायोगिक परीक्षा अंक, सामान्य जागरूकता और जीवन कौशल ग्रेड तथा सह-पाठ्यचर्या गतिविधि ग्रेडिंग के अंक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से 2 फरवरी से 19 फरवरी तक ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।