जूई खेल स्टेडियम के सामने खडृे होकर स्पीड ब्रेकर की मांग करते खिलाड़ी।
जूई। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे-709ई पर स्थित जूई खेल स्टेडियम के मुख्य द्वार के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्रामीणों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की है।
खिलाड़ियों ने बताया कि हाईवे पर वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे सड़क पार करना जोखिम भरा हो गया है। सुबह और शाम अभ्यास के लिए आने वाले छोटे खिलाड़ियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है और हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
कोच आजाद सिंह रापड़िया ने बताया कि स्टेडियम में प्रतिदिन 300 से अधिक खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। वहीं हाईवे के दूसरी ओर निजी स्कूल होने के कारण विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सड़क पार करनी पड़ती है।
जूई कलां के सरपंच पवन रापड़िया ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंत्री श्रुति चौधरी को भी पत्र भेजकर समाधान की मांग की जाएगी।