हिसार। शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शहर के प्रवेश बिंदु दिल्ली चुंगी पर भी फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी इसकी फिजिबिलिटी जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी। यह फ्लाईओवर कैंट गेट के पास स्थित हिसार द्वार से शुरू होगा और इसकी लंबाई करीब 2.5 किलोमीटर होगी। हिसार-सिरसा नेशनल हाईवे पर सिरसा चुंगी के पास भी फ्लाईओवर प्रस्तावित है। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में आयोजित विशेष समिति की बैठक में ये प्रस्ताव रखे गए।
लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह ने बताया कि सिरसा चुंगी के पास प्रस्तावित फ्लाईओवर ब्लू बर्ड पर्यटन केंद्र से बगला रोड तक बनाया जाएगा। इसी के साथ सेक्टर-27 के प्रवेश मार्ग पर अंडरपास बनाने की प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। रायपुर व मिर्जापुर चौक पर सर्विस लेन बनाने की भी योजना है। इन सभी परियोजनाओं के सिरे चढ़ने से बाईपास पर हादसों की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी। सिरसा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को कहीं भी रुकना नहीं पड़ेगा।
लक्ष्मी बाई चौक से टाउन पार्क तक छह लेन बनाने की सभी बाधाएं दूर
अजीत सिंह ने मंत्री गंगवा को बताया गया कि लक्ष्मी बाई चौक से टाउन पार्क तक सड़क को छह लेन बनाने संबंधी परियोजना की सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। इस मार्ग से जुड़े सभी सरकारी विभागों से जमीन अधिग्रहण संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद 30.56 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। अगले एक महीने में टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
डाबड़ा चौक जंक्शन का टेंडर जल्द आवंटित होगा
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि डाबड़ा चौक जंक्शन का टेंडर जल्द ही आवंटित कर दिया जाएगा। लघु सचिवालय के सामने राजगढ़ रोड चौक के चारों ओर स्लिप रोड बनाने और बालसमंद डिस्ट्रीब्यूटरी पर पुल निर्माण का टेंडर जारी किया जा चुका है। तुलसी चौक पर स्लिप रोड निर्माण की बाधाएं दूर हो गई हैं। सुशीला भवन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास स्लिप रोड निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
अगली बैठक में थ्रीडी प्रजेंटेशन लेकर आएं: मंत्री
बैठक में बीकानेर चौक से शुरू होने वाले पुराने रेलवे पुल के पुनर्निर्माण और रेड स्क्वेयर मार्केट के लिए प्रस्तावित अंडरपास को लेकर रेलवे अधिकारियों ने प्रस्तुति दी। मंत्री रणबीर गंगवा ने रेलवे अधिकारियों को अगली बैठक में पूरी परियोजना की थ्रीडी प्रजेंटेशन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि विस्तार से बताया जा सके कि किस स्थान पर किस प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
-
बस अड्डे के सामने फुटओवर ब्रिज हटाने का टेंडर खुला
अधिकारियों ने बताया कि बस अड्डे के सामने बने फुटओवर ब्रिज को हटाने का टेंडर खुल चुका है। पहले दो बार टेंडर जारी किए गए थे लेकिन किसी भी कंपनी ने आवेदन नहीं किया। इस फुटओवर ब्रिज का उपयोग नहीं होने के कारण इसे हटाया जा रहा है।
इन परियोजनाओं पर भी चल रहा काम
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि जिंदल चौक और सेक्टर 9/11 चौक पर रोटरी बनाने, सिरसा रोड से सिविल अस्पताल तक सड़क को छह लेन करने, बस अड्डे के पीछे से एसटीपी तक मार्ग चौड़ा करने का कार्य प्रगति पर है। तोशाम रोड स्थित आईटीआई चौक पर भी रोटरी बनाई जाएगी जिसका डिजाइन तैयार किया जा चुका है। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के सिटी गेट के आगे चौक और स्लिप रोड का भी निर्माण कराया जाएगा। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है उन सभी पर अगली बैठक से पहले निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए। बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, विधायक सावित्री जिंदल और महापौर प्रवीण पोपली, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, नगर निगम आयुक्त सी. जयाश्रद्धा, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता संदीप बाना सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।