भिवानी। वर्ष 2017 में नकली चेक तैयार कर छह लाख 48 हजार 900 रुपये खाते से उड़ाने के मामले में पुलिस ने धोखेबाज के साथी को काबू किया है। जिसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है। जिसके बाद ही खुलासा होगा कि आखिरकार नकली चेक कैसे तैयार किया गया।
उल्लेखनीय है कि कृष्णा कॉलोनी वासी मनोहरलाल के खाते से 13 जुलाई 2017 में धोखाधड़ी से छह लाख 48 हजार 900 रुपये निकाल लिए गए। जांच की तो पाया कि चेक के माध्यम से खाते से रुपये निकाले गए जबकि उक्त चेक तो मनोहर लाल ने किसी को दिया ही नहीं। चेक उसके पास है। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच हुई तो पाया कि उक्त चेक यमुनानगर जिले के अंबली वासी जंगशेर के खाते में लगाया गया है। शहर थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ। इस मामले की जांच कर रहे जैन चौक चौकी से एएसआई अमरजीत ने मामले में एक आरोपी को कोर्ट कॉम्प्लेक्स से गिरफ्तार किया। जिसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि जंगशेर के खाते में चेक लगाने से पहले मुख्य आरोपी ने उसे इसकी सूचना दी थी और इसके बदले में रुपये भी दिए गए थे। चेक 648900 रुपये का था जबकि जंगशेर ने पांच लाख 83 हजार रुपये खाते से निकाल मुख्य आरोपी को दिए। मामले की जांच कर रहे एएसआई अमरजीत ने बताया कि जंगशीर और मुख्य आरोपी दोनों पीओ थे और अब जंगशीर को पकड़ा गया है। मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।