फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: आज नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व

Thu, 12 Nov 2026 10:51 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
​भिवानी में जूई नहर पर छठ पूजा के लिए बनाया गया मंदिर। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
भिवानी। नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू होगा। 13 से 16 नवंबर तक चलने वाले इस पर्व पर महिलाएं व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना करेंगी। तोशाम रोड स्थित जूई नहर के समीप पूजा घाट तैयार किया गया है जहां शहर में रहने वाले पूर्वांचल परिवार बड़ी संख्या में जुटेंगे।
महापर्व की तैयारियों को लेकर वीरवार को महिलाओं ने बाजारों में खरीदारी की और पूजन सामग्री जुटाई। घाट पर पूजा के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे। पूर्वांचल परिवार संगठन के पदाधिकारी बांके बिहारी ने बताया कि छठ पर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना को समर्पित है। व्रती चार दिनों तक कठिन नियमों का पालन कर परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हैं।
विज्ञापन


ऐसे संपन्न होंगे छठ महापर्व के अनुष्ठान
पंचांग के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 13 नवंबर को नहाय-खाय से पर्व की शुरुआत होगी। इस दिन व्रती स्नान के बाद घर की साफ-सफाई करेंगे और सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। परंपरा के अनुसार कद्दू-भात और चने की दाल बनाई जाएगी। 14 नवंबर को खरना होगा जिसमें गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाएगा। 15 नवंबर रविवार को व्रती नदी, तालाब या निर्धारित घाट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इस दौरान बांस के सूप और डाले में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी। सूर्यदेव को जल और दूध अर्पित कर परिवार की खुशहाली की कामना की जाएगी। 16 नवंबर सोमवार को व्रती सूर्योदय से पहले घाट पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे और छठी मैया की पूजा के बाद व्रत का पारण करेंगे।

पूर्वांचल परिवार संघ की ओर से जूई घाट पर लगेगा मेला
छठ महापर्व के अवसर पर 15 नवंबर को तोशाम रोड स्थित जूई नहर के समीप पूर्वांचल परिवार संघ की ओर से मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान परिवार नहर के पानी में उतरकर विधि-विधान से पूजा करेंगे। पारंपरिक पूजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। मेले में महिलाएं और बच्चे खरीदारी भी कर सकेंगे। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे।
विज्ञापन


छठ पूजा के लिए बनेंगे अस्थायी पूजा स्थल
जागृति कॉलोनी में पूर्वांचल परिवार संघ के पदाधिकारियों ने घाट पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए बैठक की। जूई नहर के जागृति कॉलोनी क्षेत्र में आरसीसी सड़क निर्माण के चलते पुराना पूजा स्थल हटा दिया गया है। बैठक में नए पूजा स्थल के निर्माण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विचार-विमर्श किया गया। बांके बिहारी ने बताया कि छठ पूजा के दौरान परिवार सामूहिक रूप से पूजन करते हैं। इसे देखते हुए घाट पर एक नए पूजा स्थल के साथ छोटे-छोटे कई अस्थायी पूजा स्थल भी बनाए जाएंगे। इससे श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार सामूहिक रूप से पूजा कर सकेंगे। पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें