भिवानी। शहर के महम रोड बड़ चौक के समीप तीन मंजिला एक इमारत में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने के अड्डे पर पुलिस शनिवार शाम को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ सीआईए व स्थानीय पुलिस ने दबिश दी। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को पकड़ा। वहीं आरोपियों से काफी मोबाइल फोन व सट्टा लगाने का सामान बरामद किया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के सब इंस्पेक्टर राजबीर व भिवानी गुप्तचर कार्यालय के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने सीआईए व लोकल स्थानीय के साथ मिलकर बड़ चौक स्थित एक मकान में आईपीएल मैच पर सट्टा लगवाते हुए चार आरोपियों को दबोचा। पुलिस की भनक लगने के बाद आरोपियों ने मुख्य गेट पर ताले लगा दिए थे और फिर पूरी बिल्डिंग को ही सील करने का प्रयास किया था। पुलिस ने काफी देर तक आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से आरोपी नरेंद्र टूंडा, पवन, पंकज व कर्ण सिंह को गिरफ्तार किया है। मौके से एक एलईडी, 16 मोबाइल फोन व एक मशीन बरामद की है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के सब इंस्पेक्टर राजबीर सिंह व सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि चार आरोपियों को आईपीएल मैच पर सट्टा लगवाते हुए पकड़ा है। उनके खिलाफ स्थानीय पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। सभी चारों आरोपियों को रविवार सुबह न्यायालय में पेश किया जाएगा।