भिवानी। रोहतक रोड स्थित नई सब्जी मंडी में सब्जी खरीद रहे एक पूर्व सैनिक से दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। वारदात सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। बैग के अंदर एक लाख 62 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात थे। बैग छीनकर भाग रहे बदमाशों को पूर्व सैनिक ने पकड़ने का भी प्रयास किया, मगर बदमाश उसे धकेल बाइक पर सवार होकर भागने लगे। इसी दौरान थोड़ी दूर चलते ही एक स्कूटी से भी उनकी बाइक की टक्कर हो गई और दोनों बदमाश नीचे गिर गए, मगर पलभर में ही संभले और फिर से बाइक उठाकर फरार हो गए। बदमाश दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। वहीं उनकी बाइक के टूटे हुए हिस्से भी वहीं पड़े, जिन्हें पुलिस ने बरामद किए।
गांव कांकड़ोली सरदारा निवासी 65 वर्षीय भागीरथ प्रसाद ने बताया कि वह पूर्व सैनिक है। उसका परिवार दिल्ली में रहता है। सोमवार को वह दिल्ली से भिवानी पहुंचा था और घंटाघर के एसबीआई से उसने डेढ़ लाख रुपये गांव में किसी को देने के लिए निकाले थे। रुपये निकालकर अपने बैग में डालकर रोहतक गेट स्थित सब्जी मंडी में सब्जी खरीद करने आया था। जब वह सब्जी खरीद रहा था तो इसी दौरान बाइक से आए दो युवकों ने उसका बैग छीन लिया। उसने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया और इसी दौरान वह नीचे गिर गया। उसने काफी शोर मचाया, मगर मदद के लिए कोई नहीं आया। आरोपी हड़बड़ी में मंडी के पिछले गेट पर बाइक को दौड़ाते समय एक स्कूटी से भी टकरा गए। जिसमें दोनों युवक बाइक से नीचे गिर गए थे। मगर वे उठे और फिर बाइक पर फरार हो गए। भागीरथ ने बताया कि उसके बैग में डेढ़ लाख रुपयों के अलावा पांच-पांच सौ के करीब 12 हजार रुपये अलग से रखे हुए थे। बैग में उसका सीएसडी कैंटीन कार्ड, आधार कार्ड व जरूरी दस्तावेज भी थे। एक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने मुंह पर सफेद रंग का गमछा बांध रखा था। लेकिन दोनों एक ही रंग के कपड़े और जूते पहने हुए थे। भागते समय स्कूटी से भिड़ंत के दौरान बाइक के कुछ हिस्से भी टूट कर वहीं गिर गए। जिसे बाद में पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
औद्योगिक पुलिस व सीआईए की टीम ने किया मौके का मुआयना
पूर्व सैनिक से पैसे छीनने की सूचना के बाद औद्योगिक पुलिस थाना प्रभारी पवन कुमार व सीआईए टीम इंचार्ज योगेश हुड्डा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाए। सीसीटीवी में पता चला कि मात्र तीन मिनट में आरोपी बाइक पर आए और फिर आसानी से बैग लेकर फरार हो गए।
पूर्व सैनिक बोला: काश कोई हिम्मत दिखाता तो पकड़े जाते बदमाश
वारदात का शिकार हुआ पूर्व सैनिक भागीरथ ने बताया कि आरोपी शायद बैंक से ही उसकी रेकी करते हुए यहां तक पहुंचे थे। मंडी लोगों से खचाखच भरी थी। काश कोई हिम्मत दिखाता तो बदमाश पकड़े जाते। उसने लोगों से काफी मदद की गुहार लगाई, मगर किसी ने भाग रहे बदमाशों को नहीं पकड़ा। बदमाश भागते समय नीचे भी गिरे, मगर फिर भी उन्हें पकड़ने के लिए किसी ने हिम्मत नहीं दिखाई।
वर्जन-
मंडी में सब्जी खरीद के दौरान पूर्व सैनिक ने अपना बैग साइड में रख दिया था और सब्जी खरीद कर रहा था। इसी दौरान उसका दो युवकों ने बैग चोरी किया है। इस संबंध में पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
- पवन कुमार एसएचओ औद्योगिक पुलिस थाना भिवानी।