भिवानी। विधायक के परिजनों सहित 15 की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के महज कुछ घंटे बाद ही रविवार सुबह पांच और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनको सामान्य अस्पताल लाई और आइसोलेशन वार्ड में उनका इलाज शुरू किया। गोशाला मार्केट के एक इलेक्ट्रोनिक दुकानदार के भाई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिससे बाजार में भी हड़कंप मचा है। इसके अलावा बवानीखेड़ा के एक परिचालक, हालुवास वासी सफदरजंग अस्पताल के सुरक्षाकर्मी और पुराना बस स्टैंड वासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उल्लेखनीय है कि शनिवार की शाम को विधायक के परिवार के सदस्यों सहित 15 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसमें विधायक की पत्नी, बेटी, बेटे, पुत्रवधू, पोती के अलावा भांजा और चार अन्य नजदीकी संक्रमित मिले थे।
ये पांच आए पॉजिटिव
इलेक्ट्रोनिक दुकानदार का भाई रहा पॉजिटिव : गोशाला मार्केट में एक इलेक्ट्रोनिक शॉप संचालक का भाई 21-22 मई को दिल्ली के भागीरथ पैलेस में गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बाजार में हड़कंप मचा है और अधिकतर ने दुकानें बंद कर लीं।
बवानीखेड़ा के कंडक्टर की रिपोर्ट आई पॉजिटिव : बवानीखेड़ा वासी एक युवक गुरुग्राम में हरियाणा रोडवेज में परिचालक है। वह 26 मई को प्रवासी मजदूरों को लेकर अलीगढ़ गया था और 27 मई को गुरुग्राम आया था। 29 मई को इसने अपना कोरोना टेस्ट सामान्य अस्पताल भिवानी में करवाया था। बताया जाता है कि प्रवासी मजदूरों को छोड़ने के दौरान वह एक ऐसी एंबुलेंस के संपर्क में आया, जिसमें कोरोना पॉजिटिव मरीजों को लाया जाता है। शंका होने पर उसने अपना टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव रही।
सफदरजंग का सुरक्षा कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव : हालुवास गांव का एक युवक सफदरजंग अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड लगा हुआ है। वह पिछले दिनों भिवानी आया और 29 मई को अपना टेस्ट कराया। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसके परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए पीजीआई भेजे गए है।
गुवाहाटी गया था युवक : सांगा गांव का एक युवक गुवाहाटी गया था। वहां से लौटने के बाद उसका कोरोना टेस्ट किया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची तो गांव में हड़कंप मच गया। उसे आइसोलेशन वार्ड लाया गया वहीं उसके परिजनों के सैंपल लिए गए।
पुराना बस स्टैंड की महिला मिली पॉजिटिव : पुराना बस स्टैंड सिविल लाइन थाना के साथ लगती गली में एक महिला की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। करीब 45 वर्षीय महिला को उपचार के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं उसके परिजनों के भी सैंपल लिए गए है।
टेस्ट कराने अस्पताल में उमड़े लोग
विधायक के परिवार सहित 15 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शहर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी है। रविवार को भी विधायक के साथ अक्सर विभिन्न कार्यक्रमों में नजर आने वाले लोग खासी संख्या में अपना टेस्ट कराने फ्लू कॉर्नर पर पहुंचे। मीडिया कर्मियों का भी टेस्ट किया गया।
33 हजार से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग, 130 के सैंपल भेजे
रविवार को गांव चांग, तिगड़ाना, रिवाड़ी खेड़ा, नाथुवास, सिरसा घोघड़ा, बामला, भिवानी शहर में बाग कोठी व हालुवास गेट क्षेत्र में 6428 घरों के 33412 लोगों की स्क्रीनिगं की गई। रविवार को जिले से 130 सैंपल लिए गए। वहीं हालुवास गेट क्षेत्र के 653 घरों के 3521 लोगों , गांव रिवाड़ी खेड़ा के 738 घरों के 3826 व्यक्तियों, गांव चांग के 2492 घरों के 12816 व्यक्तियों, गांव नाथुवास के 505 घरों के 2701 व्यक्तियों, गंाव तिगड़ाना के 1275 घरों के 6446 व्यक्तियों, बाग कोठी एरिया के 130 घरों के 629 व्यक्तियों, गांव सिरसा घोघड़ा से 290 घरों के 1661 व्यक्तियों, गांव बामला से 345 घरों के 1812 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई। सिविल सर्जन ने बताया कि आईसोलेशन वार्ड में 26 व्यक्तियों को रखा है। शनिवार तक भेजे सैंपलों में से 116 की रिपोर्ट आनी बाकी है।
रात को 15 पॉजिटिव आए थे और रविवार सुबह पांच नए पॉजिटिव केस आए हैं। अब एक्टिव कोरोना पॉजिटिव की संख्या 27 हो गई है। जबकि छह ठीक होकर घर जा चुके हैं। - डॉ. राजेश कुमार, जिला को-ऑर्डिनेटर कोविड 19 टीम
कोरोना संक्रमित को आइसोलेशन वार्ड में लेकर जाती स्वास्थ्य विभाग की टीम।- फोटो : Bhiwani