स्टैंड की टिकट बुकिंग खिड़की पर बिना मास्क व बिना सामुदायिक दूरी के खड़े यात्री। संवाद न्यूज एजे?
- फोटो : Bhiwani
परिवहन निदेशालय से हरी झंडी मिलने के बाद बुधवार सुबह साढ़े चार बजे चंडीगढ़ के लिए भिवानी बस स्टैंड से सिर्फ पांच यात्रियों के साथ बस दौड़ी। इसके बाद बुधवार शाम तक चंडीगढ़ रूट पर पांच बसें भेजी गई। इनमें दो बसों का रात्रि ठहराव चंडीगढ़ में ही होगा। अगले दिन ये बसें चंडीगढ़ से यात्रियों को भिवानी लेकर आएंगी। इतना ही नहीं पिछले छह माह से हरिद्वार देहरादून, दिल्ली और चुरू रूट पर बस सेवाएं बंद पड़ी हैं, जबकि किलोमीटर स्कीम के तहत करीब 25 बसों के पहिये भी थमे हुए हैं।
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने मंगलवार देर शाम को रोडवेज प्रशासन को निर्देश दिए, जिसके बाद बुधवार सुबह साढ़े चार बजे चंडीगढ़ के लिए भिवानी बस स्टैंड से पहली बस वाया जींद होते हुए सिर्फ पांच यात्री लेकर दौड़ी। बीच रास्ते से भी बस को यात्री बैठाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद करीब दस यात्रियों के साथ सुबह पांच बजे वाया महम होते हुए चंडीगढ़ के लिए बस भेजी गई। इसी तरह सुबह सात बजकर 20 मिनट पर भी वाया रोहतक होते हुए चंडीगढ़ के लिए बस चली। इस बस में करीब बीच रास्ते के 45 यात्री सवार हुए। इसके उपरांत सुबह नौ बजे भी वाया जींद होते हुए पंचकूला के लिए बस दौड़ी, इस बस में भी करीब 25 यात्री सवार हुए। इसके बाद 11 बजकर 20 मिनट पर वाया जींद चंडीगढ़ के लिए रोडवेज बस रवाना हुई। इसमें भी करीब 45 यात्री सवार हुए। इसी तरह दोपहर बाद एक बजकर 50 मिनट पर भी वाया जींद चंडीगढ़ के लिए रोडवेज बस चली। इसमें 25 से 30 यात्री सवार हुए। दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर भी वाया रोहतक होते हुए चंडीगढ़ के लिए बस भेजी गई। इस बस में 40 से 50 यात्री सवार हुए। बुधवार दोपहर बाद चंडीगढ़ भेजी गई दोनों बसों का रात्रि ठहराव चंडीगढ़ में ही होगा। वीरवार सुबह साढ़े पांच बजे चंडीगढ़ से भिवानी के लिए पहली बस रवाना होगी। इसी तरह चंडीगढ़ से भिवानी के लिए सुबह सात बजे बस आएगी।
बस स्टैंड पर दिखे बिना मास्क मरीज, सैनिटाइज की भी थी व्यवस्था
बस स्टैंड पर डिपो प्रशासन की तरफ से एक रोडवेज कर्मचारी की यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइज किए जाने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में आने जाने वाले यात्रियों के मुंह पर मास्क नहीं दिखा वहीं सामुदायिक दूरी भी नहीं दिखी। वहीं रोडवेज चालक और परिचालकों को बस में बिना मास्क यात्री सवार नहीं किए जाने के सख्त आदेश थे, इसके बावजूद भी बस में बैठते ही यात्रियों के मुंह से मास्क गायब हो गया।
वर्जन- रोडवेज उच्चाधिकारियों के निर्देश पर भिवानी से चंडीगढ़ रूट पर बस सेवाएं बहाल की गई। पहली बस में काफी कम यात्री थी, इसके बाद दोपहर तक चंडीगढ़ जाने वाली बसों में यात्री बढ़ गए। इन बसों में बीच रास्ते से भी सवारियां उठाने के निर्देश दिए गए थे। चंडीगढ़ तक जाने वाली बसों में बीच रास्ते की भी काफी सवारियां मिलीं। चंडीगढ़ जाने वाली बसों की टाइम बहाली की जा रही है।
- सुरेश कुमार डीआई भिवानी डिपो