भिवानी। भिवानी सीआईए द्वितीय की टीम ने शराब ठेके के सेल्समैन की आंखों में मिर्च पाउडर डाल रुपये छीनने की कोशिश के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पुष्पा काम्प्लेक्स हिसार से एक दुकानदार से पिस्टल प्वाइंट पर गले से सोने की चेन छीनने की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी से पिस्टल, कारतूस व वारदात में प्रयोग की गई एक बाइक बरामद की है।
गांव खरक कलां निवासी अमित ने औद्योगिक पुलिस थाना में शिकायत दी थी। उसने बताया था कि गांव खरक कलां शराब ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है। गत 27 अगस्त को अपनी बाइक से शराब ठेके से पैसे लेकर भिवानी मुख्य कार्यालय में आ रहा था। एमके अस्पताल के समीप पीछे से एक बाइक ने उसकी बाइक का रास्ता रोक लिया और दो युवकों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल उससे पैसे छीनने की कोशिश की। उसके चिल्लाने से पास में ही लोग वहां पहुंचे तो आरोपी भाग गए। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीआईए द्वितीय के एएसआई रमेश कुमार ने पांच आरोपियों को रामगंज मोहल्ला भिवानी से गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान शिवम, शक्ति वासी खरककलां, साहिल वासी रामगंज मोहल्ला, तेजवीर वासी खरककलां व मनोज वासी रोहतक के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पुष्पा काम्प्लेक्स हिसार में एक दुकानदार से पिस्टल प्वाइंट पर गले से सोने की चेन छीनकर ले गए थे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी शिवम व साहिल को एकदिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है वहीं अन्य आरोपियों को जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं।