भिवानी। सीआईए प्रथम की टीम ने पुलिस की वर्दी डालकर चालक का अपहरण कर ट्रक लूटने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस ने आरोपियों से एक डंपर, एक पिस्टल, 12,000 रुपये की नकदी, दो वर्दी व वारदात में प्रयोग कार बरामद की है।
तोशाम पुलिस थाना में जींद निवासी सोनू ने शिकायत दी थी। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि 26 जुलाई को अपने ट्रक में क्रशर भरकर तोशाम से हांसी की तरफ जा रहा था। रास्ते में रतेरा रोड के नजदीक पहुंचने पर तोशाम की तरफ से एक गाड़ी आई जिसने उनके ट्रक के आगे गाड़ी लगा दी जिसमें से दो लड़के उतरे जिन्होंने पुलिस की वर्दी डाली हुई थी और शिकायतकर्ता से गाड़ी के कागजात मांगे थे। इसके बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ चालक का अपहरण कर गाड़ी में डालकर ले गए थे और हिसार में लाडवा गांव के पास खेत में छोड़कर चले गए थे। इस संबंध में पुलिस ने ट्रक चालक का अपहरण कर लूट का केस दर्ज किया था।
सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार ने पुलिस की वर्दी डालकर ड्राइवर का अपहरण कर ट्रक लूटने के मामले में पांच आरोपियों को खानक व हिसार से गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान विक्रमजीत निवासी सरल व जयभगवान निवासी खानक को खानक से गिरफ्तार किया। वहीं, आरोपी विनोद वासी हिसार, पंकज वासी सरसौद व रोहताश निवासी हिंदवान हिसार को हिसार से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दो दिन के रिमांड के दौरान आरोपियों से एक डंपर, एक पिस्टल, 12,000 की नकदी, दो पुलिस की वर्दी व वारदात में प्रयोग गाड़ी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में बताया कि आरोपी विक्रमजीत की गाड़ी की किस्त टूट गई थी। वहीं, गाड़ी एक्सीडेंट होने पर गाड़ी पर अधिक रुपये खर्च हो गए थे। इसी आर्थिक तंगी के चलते ट्रक लूट की योजना साथियों के साथ मिलकर बनाई थी। रिमांड के बाद पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजा है।