अवैध शराब बिक्री को लेकर एक ठेकेदार के कारिंदों और ब्रह्मा कॉलोनी के दूध की डेयरी चलाने वाले व्यक्ति के परिवार के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद डेयरी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे हजारों का सामान जल गया। डेयरी संचालक ने शराब ठेकेदार के कारिंदों पर मारपीट व आग लगाने का आरोप लगाया।
मामला बुधवार की रात साढ़े 11 बजे का है। ब्रह्मा कॉलोनी में दूध की डेयरीचलाने वाले दिनेश कुमार के परिवार व उसके घर आए कुछ लोगों का झगड़ा हो गया। हाथापाई के बाद दिनेश का परिवार एसपी आवास पर पहुंचा। जिसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची। परिवार वापस लौटा तो भैंसों के लिए बनाये छप्पर में आग लगी थी।
दिनेश कुमार ने बताया कि वह करीब दो साल पहले शराब बेचता था मगर अब वह दूध की डेयरी चलाता है। जीतूवाला जोहड़ का एक ठेकेदार उस पर उसकी शराब बेचने के लिए दबाव बना रहा है। रात को भी करीब साढ़े 11 बजे सात लोग उसके घर आए। तेज-तेज दरवाजा खटखटाने लगे। उसकी पत्नी ने दरवाजा खोला तो उन्होंने पत्नी को धक्का मारा। मैं बाहर आया तो मेरे साथ मारपीट की। हमलावरों ने मकान का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले में टीआईटी चौकी इंचार्ज हरिवल्लभ सिंह ने बताया कि आपसी झगड़ा है। अभी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।