भिवानी। पंचायत चुनाव के दौरान सभी रिटर्निंग अधिकारी ईवीएम स्वयं तैयार करके उन पर अपने हस्ताक्षर करें। इसके साथ-साथ जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव के दौरान लगाई गई है और वे अपनी ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं तो उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नरेश नरवाल ने यह आदेश हरियाणा पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हाल में सभी रिटर्निंग, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम में बैलेट पेपर ठीक प्रकार से लगा हो और वे सही तरह से काम कर रही हो, इसकी जिम्मेदारी रिटर्निंग अधिकारी की है। इसलिए सभी अधिकारी मतदान से पूर्व ईवीएम को ठीक से जांच कर उस पर हस्ताक्षर करें।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथ पर सेक्टर अधिकारी व पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी विशेष ध्यान रखे। किसी भी व्यक्ति को चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान नहीं पहुंचाने दिया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी निष्पक्ष तरीके से चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार निभाई जाए। सारी प्रक्रिया की समुचित वीडियोग्राफी करवाई जाए। बूथ एजेंट की नियुक्ति सही प्रकार से की जाए। बूथ एजेंट लगाते समय उनकी पहचान भी सुनिश्चित की जाए।
----------
रिटर्निंग अधिकारी को हैंडओवर करें ईवीएम
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नरेश नरवाल ने रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम जहां से अपने गंतव्य स्थान पर भेजी जाए वो उसी दिन वापस वहीं स्ट्रॉन्ग रूम में आ जानी चाहिए। कोई भी कर्मचारी व अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र की ईवीएम को जब तक वापस स्ट्रॉन्ग रूम में नहीं जमा करवा देता तब तक वह अपनी ड्यूटी छोड़ कर नहीं जाएगा। समुचित तरीके से इन ईवीएम को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को हैंडओवर करवाना अनिवार्य है।
---------
थ्री टायर सुरक्षा में रखी जाएगी ईवीएम
पुलिस अधीक्षक अजीत शेखावत ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत सभी स्ट्रॉन्ग रूम में सीसीटीवी कैमरा होने चाहिए और वहां पर 24 घंटे का पावर बैकअप होना अनिवार्य है। एक कैमरा स्ट्रॉन्ग रूम के दरवाजे पर हमेशा रहना चाहिए। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी स्ट्रॉन्ग रूम में जाता है तो उसकी पूरी जांच अनिवार्य है चाहे वो किसी भी पद पर क्यों न तैनात हो। ईवीएम मशीनों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। चुनाव शांति पूर्वक संपन्न करवाने के लिए पर्याप्त पुलिसबल तैनात किया है। किसी भी व्यक्ति को चुनाव प्रक्रिया को बाधित नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर पोलिंग बूथ पर पर्याप्त पुलिस बल लगा दिया है। इसके साथ-साथ सेक्टर अधिकारियों के साथ भी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की जा चुकी है। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों से कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम के चारों तरफ सुरक्षा के लिए चहारदीवारी व बेरिकेडिंग अवश्य लगवाए। स्ट्रॉन्ग रूम व पोलिंग बूथ पर पुलिस द्वारा थ्री टायर सुरक्षा घेरा लगाया है।