बवानीखेड़ा। क्षेत्र में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दो किसानों पर प्राथमिकी दर्ज की है। शनिवार को खेतों में पराली में आग लगाने के मामले में बवानीखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलखपुरा निवासी रमेशचंद और होशियार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि कृषि विकास अधिकारी बिशन सिंह की शिकायत पर टीम ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट और खेतों के फोटो एकत्रित किए और इन्हें थाना पुलिस को सौंपा। शिकायत के आधार पर दोनों किसानों के खिलाफ पर्यावरण को दूषित करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि पराली जलाना न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है बल्कि उपायुक्त द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की भी अवहेलना है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे पराली न जलाएं और सरकारी निर्देशों का पालन करें अन्यथा कार्रवाई और कड़ी की जाएगी। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ सड़क किनारे वाहनों में दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है। पुलिस ने किसानों को अपने-अपने क्षेत्रों में पराली न जलाने की सलाह दी है।