अपने भाई सीजेआई सूर्यकांत के शपथ ग्रहण समारोह में जाने के लिए तैयार डॉ. शिवकांत शर्मा का परिवा
भिवानी। गांव पेटवाड़ निवासी जस्टिस सूर्यकांत देश के 53वें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के रूप में 24 नवंबर को शपथ लेंगे जिसमें शामिल होने के लिए उनके बड़े भाई और भिवानी के छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवकांत शर्मा अपने परिवार सहित दिल्ली जाएंगे। परिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित डिनर में सम्मिलित होने का न्योता भी मिला है।
डॉ. शिवकांत शर्मा ने बताया कि सूर्यकांत का जन्म 1962 में हुआ था। उन्होंने गांव से दसवीं, हिसार से बीए और एमडीयू से कानून की डिग्री पूरी की। प्रारंभिक प्रैक्टिस हिसार कोर्ट से शुरू की और बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत की। सिर्फ 38 वर्ष की उम्र में वे हरियाणा के एडवोकेट जनरल बने। वर्ष 2004 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए। 2018 में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने और मई 2019 में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के पद पर नियुक्त हुए।
छोटे भाई के साथ-साथ मेरा मित्र भी : डॉ. शिवकांत
डॉ. शिवकांत शर्मा ने कहा कि सूर्यकांत सिर्फ उनका छोटा भाई नहीं बल्कि उनका सबसे करीबी मित्र भी है। दोनों ने दो साल तक एक ही हॉस्टल में रहकर पढ़ाई की। उन्होंने बताया कि सूर्यकांत प्रभावशाली वक्ता हैं और उनकी सोच हमेशा संतुलित रही है। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने आत्मविश्वास कभी नहीं खोया।
शपथ समारोह में पूरा परिवार पहुंचेगा
डॉ. शिवकांत ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में पूरे परिवार को आमंत्रित किया गया है। चारों भाई, उनकी पत्नियां, बच्चे, बेटी-दामाद, बहन का परिवार, गांव के लोग और उनके पिता के मित्र समारोह में शामिल होंगे। छोटे भाई की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि सूर्यकांत साधारण भोजन पसंद करते हैं। घर आने पर वे मेसी रोटी, बाजरे की रोटी, लहसुन की चटनी, लस्सी और मूंग की दाल बड़े चाव से खाते हैं।