नया बाजार के दासान पाना में चोरों ने रात को खूब उत्पात मचाया। चोरों ने एक साथ बने तीन मकानों को खंगाला और दो मकानों से नकदी और आभूषण चोरी किए। चोर फाइनेंसर के मकान से 36 तोले सोना, एक किलो चांदी के आभूषण और 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है।
वहीं दूसरे मकान से करीब सात हजार की नकदी चोरी की तो तीसरे मकान में चोरों के कुछ हाथ नहीं लगा। चोरी की सूचना पर एसएचओ ने निरीक्षण किया। वहीं डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी बुलाए गए। आसपास के सीसीटीवी खंगाले तो एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में पांच संदिग्ध युवक नजर आए है, जो कच्छे पहने हुए हैं। इस कारण कच्छा गिरोह के सदस्य होने का भी अंदेशा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
केस एक : चोरों ने फाइनेंसर विकास विक्की के मकान को निशाना बनाया। नया बाजार दासान पाना निवासी विकास उर्फ विक्की ने बताया कि घर के अंदर उसकी पत्नी आंचल व उसकी मां और दो बच्चे सो रहे थे। उसकी मां मकान के निचले हिस्से में सो रही थी। उसका बेटा भी मां के पास सो रहा था जबकि वह, उस पत्नी और बेटी मकान के ऊपरी हिस्से में सो रहे थे। विकास ने बताया कि उनके फ्रिज पर घर की अलमारी, ट्रंक और संदूक की चाबियों का एक गुच्छा रखा था। चोर ने कोई ताला नहीं तोड़ा, बल्कि फ्रिज पर रखे चाबी के गुच्छे की चाबियों से एक-एक कर ताले खोले और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने बताया कि चोर संदूक और अलमारी में रखे करीबन 36 ताले सोने के आभूषण व करीबन एक किलोग्राम चांदी के गहनें और सिक्के ले उड़े। चोर 30 हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ले गए। विकास ने बताया कि चोर छत के रास्ते से घर में घुसे और यहीं से वापस गए। विकास ने बताया कि उन्हें शायद कोई नशीला पदार्थ सुंघाया गया था, जिससे उनकी नींद नहीं खुली। उसकी पत्नी ढाई बजे उठी तो कमरे में रखी गुल्लक बाथरूम के अंदर पड़ी मिली। इसके बाद उन्हें उठाया तो उन्होंने रात को ही पुलिस को सूचना दी थी। जिस पर सिटी व सिविल लाइन पुलिस थाना के प्रभारी आए थे।
केस दो : विकास के ही पड़ोसी सुरेंद्र के मकान को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने घर से घरेलू सामान के अलावा मकान के अंदर से सात हजार रुपये की नकदी चोरी की। इस मकान के अंदर भी परिवार सोता रहा और चोरी की वारदात को अंजाम देकर चोर फरार हो गए। परिवार के सदस्यों को चोरों की कोई भनक नहीं लगी। चोर यहां पर भी छत के रास्ते से ही घुसे थे और फिर वारदात को अंजाम देकर वापस छत से ही बाहर निकल गए।
केस तीन : चोर विकास व सुरेंद्र के मकान के साथ ही बने तीसरे नरेंद्र के मकान में भी घुसे। चोरों ने मकान के चौबारे की अलमारी को खोलकर सामान खंगाला, मगर वहां पर उनके हाथ कुछ नहीं लगा। इसके बाद चोर इस मकान से कोई सामान तो चोरी नहीं कर पाए, मगर काफी देर तक चोरों ने यहां पर वक्त बिताया। जिससे सुबह पुलिस को वहां पर चोरों की आने-जाने के कुछ निशान भी मिले। इसके बाद छत के रास्ते से ही वहां से भी फरार हो गए।
डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने जुटाए मौके से सुबूत, सीसीटीवी फुटेज खंगाली :नया बाजार के दासान पाना में तीन घरों के अंदर चोरों द्वारा सेंधमारी किए जाने के बाद मौके पर पहुंची डॉग स्क्वॉयड टीम के इंचार्ज देवेंद्र व युद्धवीर ने चोरों तक पहुंचने का सुराग लगाया तो बार-बार खोजी कुत्ता टाइगर छत की तरफ दौड़ा। टाइगर की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरों के अंदर घुसने और फिर बाहर निकलने का खाका तैयार किया वहीं फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट कुलदीप ने भी चोरों तक पहुंचने के लिए मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने नया बाजार क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो देर रात को पांच संदिग्ध युवक नजर आए। ये सभी युवक केवल कच्छा पहने हुए थे, इनके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था और हाथों डंडे लेकर घुमते हुए नजर आए।
चोर खंडहर मकान के अंदर से दीवार पर से चलकर विकास के मकान में घुसे और फिर आसपास के दो अन्य मकानों में भी चोरी का प्रयास किया है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर इस मामले की जांच में जुटी हैं। विकास के बयान दर्ज कर इस संबंध में चोरी का केस भी दर्ज किया गया है।
- हरिओम, इंचार्ज सिटी पुलिस थाना भिवानी।
-----------------------------