मैं.... गुर्जर बोल रहा हूं, 12 घंटे के अंदर 50 लाख रुपये का इंतजाम कर लेना, नहीं तो तेरे दोनों बेटों को संभाल लेना, गांव में आदमी आए हैं, एके 47 चलेगी। इतना कहते ही फोन काट दिया। यह धमकी गांव रतेरा निवासी एक पेट्रोल पंप मालिक को मिली है। शिकायत पर बवानीखेड़ा पुलिस ने फिरौती मांगने वाले अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। फोन पर फिरौती मांगने के मामले के बाद हड़कंप मचा है। वहीं पुलिस भी अब इस तरह का मामला सामने आने के बाद सक्रिय हो गई है।
गांव रतेरा निवासी प्रमोद कुमार ने बवानीखेड़ा पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि उसका रतेरा-उमरा रोड पर सिरडी सांई नाम से पेट्रोल पंप है। बीती शाम वह अपने घर पर लेटा था कि इसी दौरान उसके फोन पर लगातार तीन कॉल आई। उसका ध्यान जब फोन पर पड़ा तो चौथी बार फिर उसी नंबर से फोन आया। जिसे उठाने पर दूसरी तरफ से बोलने वाले ने कहा कि फोन मत काटना दो मिनट ध्यान से बात सुनना। इसके बाद फोन पर बोलने वाले ने अपना नाम बताया जिसके पीछे गुर्जर लगाया। उसे धमकी दी गई कि 12 घंटे में 50 लाख रुपये का इंतजाम कर ले नहीं तो तेरे दोनों बेटों को संभाल लेना। बवानीखेड़ा पुलिस थाने के जांच अधिकारी एएसआई सतपाल ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक प्रमोद कुमार की शिकायत पर फोन पर फिरौती मांगने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की तहकीकात में जुटी है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।