भिवानी। राजीव कॉलोनी में घर में अकेली रह रही महिला मृत अवस्था में मिली। मृतका की पहचान सुमन (50) के रूप में हुई है। महिला फाइनेंस का काम करती थी। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की। मृतका की बेटी ललिता ने हत्या किए जाने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका की बेटी ललिता के बयान पर 174 सीआरपीसी की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। आगामी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
मृतका के परिजन पवन कुमार ने बताया कि सुमन की एक बेटी है, जिसका नाम ललिता है। ललिता शादीशुदा है और अपनी ससुराल गांव सोढ़ी में रहती है, जबकि सुमन की अपने पति के साथ काफी लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसके कारण वह अपने घर पर अकेली रहती थी और फाइनेंस का काम करती थी। बुधवार को सुबह उसकी बेटी ललिता ने अपनी मां के पास कॉल की। लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी उसकी मां ने फोन नहीं उठाया। इस संबंध में ललिता ने पड़ोसी को फोन पर अपनी मां के बारे में जानने को कहा। जब पड़ोसी उसके घर पर पहुंची तो सुमन कमरे में मृत अवस्था में मिली और उसके हाथ के पास बिजली का बोर्ड था। इस बारे में सूचना परिजन व पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात की जांच की। पुलिस की प्राथमिक जांच में महिला की मौत करंट लगने से प्रतीत हुई है। हालांकि मृतका की बेटी ने अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगाया है।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे मिले बंद
मृतका के परिजन पवन कुमार ने बताया कि मृतका अपने घर में अकेली रहती थी। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से घर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। लेकिन सीसीटीवी कुछ खराबी के कारण बंद पड़े मिले। वहीं जब पड़ोसी घर पर पहुंचे तो घर के दरवाजे खुले पड़े थे। ये सभी हालात परिजनों के मन में हत्या होने का शक जाहिर कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आगामी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
- एएसआई रेखा, सेक्टर-13 पुलिस चौकी, भिवानी