दरअसल, रोहतक मंडल हाईवे अथॉरिटी करीब 40 करोड़ के बजट से शहरी दायरे में चार किलोमीटर सीसी पैटर्न पर सड़क निर्माण करा रहा है। हालांकि अधिकांश दायरे में सड़क बन चुकी हैं, मगर कुछ हिस्सों में अधूरा पड़ा काम अब वाहनों की आवाजाही की वजह से हादसों की वजह बन रहा है।
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर गांव निनान से लेकर नया बस स्टैंड रोहतक गेट, बावड़ीगेट, दादरी गेट, हनुमान गेट होते हुए हालुवास गेट तक अधिकांश हिस्से में सीसी पैटर्न पर सड़क बनाई है जबकि कुछ हिस्से में तारकोल की लेयर डाली गई है। कंपनी को करीब छह माह से अधिक हो गए हैं, जबकि कुछ हिस्से में काम अब भी अधूरा पड़ा है। हालुवास गेट पर पहले गहरी सीवर का काम चल रहा था, इसलिए यहां सड़क अधूरी छोड़ी गई थी, मगर अब काम पूरा हो चुका है। इसी तरह बावड़ीगेट से चंद्रगिरी स्कूल की तरफ जाने वाले रास्ते पर बरसाती नाले की पुलिया क्षतिग्रस्त है और एक सीवर मैनहोल भी खुला पड़ा है। यहां रात के समय स्ट्रीट लाइट भी ठीक से नहीं जलती। ऐसे में रोजाना ही यहां दुपहिया वाहन चालक इस जगह पर हादसाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं।
डिवाइडर अधूरा, रेत में वाहन असंतुलित होने का भी डर
हाईवे पर कुछ जगह पर तो डिवाइडर बना दिया है। जबकि कुछ जगह पर डिवाइडर अभी नहीं बना है। एजेंसी ने केवल सड़क के बीच डिवाइडर पर रेत डालकर छोड़ दिया है। हाईवे पर तेज रफ्तार में वाहन इस रेत में असंतुलित हो रहे हैं, जिससे हादसों का डर भी बना है। इस रेत पर शहर में लावारिस पशु भी दिनभर आराम फरमाते हैं, जिससे भी हाईवे पर वाहनों का चलना मुश्किल हो रहा है।
बरसाती चैनल बनाने के दौरान तोड़ दी गई निजी सीवरेज व पानी की लाइनें
हाईवे पर बरसाती चैनल भी बनाया जा रहा है। इस दौरान हाईवे के आसपास के दुकानों और मकानों की निजी पानी और सीवर लाइनों को भी तोड़ा गया है। इससे लोगों को भी काफी नुकसान हो रहा है। वहीं फुटपाथ भी उखाड़ दी गई है। इससे हाईवे की सीसी सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ नहीं होने से गहरी खाई नजर आने लगी है।
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर अभी कंस्ट्रक्शन का काम जारी है। एजेंसी का कार्य पूरा होने में अभी समय बाकी है। जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर कराया जाएगा। ये इलाका आबादी से घिरा है और वाहनों की आवाजाही भी हो रही है। इस वजह से थोड़ी दिक्कतें आ रही हैं।
- वीर विक्रम, एसडीओ नेशनल हाईवे अथॉरिटी रोहतक मंडल।