भिवानी। रेस्ट हाउस में कृषि मंत्री ने सरकारी की योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रेस कान्फ्रेंस की तो उन्हें घेरने किसानों की टोलियां निकल पड़ी। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से विरोध करने जा रहे किसानों को शनिवार दोपहर बाद पुलिस ने सेक्टर मोड़ पर ही रोक लिया।
पुलिस ने किसान संगठनों के विरोध के चलते हांसी रोड पर बासिया भवन से सेक्टर मोड़ तक चार जगह नाके लगाए हुए थे और रेस्ट हाउस परिसर को भी पूरी तरह से पुलिस छावनी में बदला हुआ था। सेक्टर मोड़ पर भी भारी पुलिस बल तैनात रहा। जहां डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने कृषि मंत्री का घेराव करने पहुंचे किसानों को रोका और उन्हें समझाया। किसानों ने सेक्टर मोड़ से जब कृषि मंत्री का काफिला रेस्ट हाउस के लिए निकला तो पुलिस के सामने ही नारेबाजी कर विरोध जताया। पुलिस ने हांसी रोड पर लगाए नाकों पर कोई भी ट्रैक्टर रेस्ट हाउस की तरफ नहीं जाने दिया।
कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने शनिवार दोपहर बाद दो बजे स्थानीय रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता बुलाई थी। कृषि मंत्री की प्रेस कांफ्रेंस स्थल पर उनका विरोध करने के लिए किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने भी ट्रैक्टरों व गाड़ियों से रेस्ट हाउस में पहुंचने का एलान कर दिया। इसी को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से हरकत में आ गया और रेस्ट हाउस तक पहुंचने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह से सील कर दिया। पुलिस ने सेक्टर 13 मोड़ पर नाका लगाया। इसके बाद महिला पुलिस थाने के समीप भी लघु सचिवालय मार्ग पर नाका लगाया। एक नाका रेस्ट हाउस के पास लगाया, जबकि एक नाका हांसी रोड पर ही बासिया भवन के समीप लगाया। इन सभी नाकों से कोई भी ट्रैक्टर रेस्ट हाउस की तरफ नहीं जाने दिया गया। कुछ ट्रैक्टरों पर किसान संगठनों के झंडे लगे हुए थे, जिन्हें पुलिस ने रोका और उन्हें दूसरे रास्ते से भेजा। सेक्टर मोड़ स्थित नाकेबंदी पर भारी पुलिस बल तैनात था। महिला पुलिस भी मौके पर तैनात रही। इस मौके पर डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने वहां रेस्ट हाउस की तरफ जा रहे किसानों को रोक लिया। किसान संगठनों के पदाधिकारी भी सेक्टर मोड़ पर ही सड़क के किनारे धरने पर बैठ गए। जहां डीएसपी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। किसानों ने कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्वक रहेगा। वे सिर्फ कृषि मंत्री के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं। मौके पर पहुुंचे डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई है। किसी को भी किसी भी तरह का कोई विरोध नहीं करने दिया जाएगा। जो लोग यहां पहुंचे हैं, उनसे बात कर उन्हें समझाया गया है कि वे यहां शांति से बैठें।
मंत्री का काफिला गुजरा तो लगाए नारे
दोपहर करीब 02:10 बजे कृषि मंत्री का काफिला रेस्ट हाउस की तरफ जाने के लिए सेक्टर-13 मोड़ से गुजरा तो किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। मंत्री का काफिला वहां से गुजरने के थोड़ी देर बाद किसान भी वहीं से वापस लौट गए। इसके बाद सेक्टर मोड़ पर तैनात पुलिस ने रेस्ट हाउस की घेराबंदी की और सुरक्षा मजबूत की। रेस्ट हाउस में पहुंचे कृषि मंत्री ने भी किसान आंदोलन की आड़ में इस तरह की गतिविधियां करने वालों पर भी कटाक्ष किया।
पुलिस प्रशासन की भी फूली रही सांसे, दो घंटे पुलिस छावनी बना रहा हांसी रोड
कृषि मंत्री के रेस्ट हाउस में कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की भी सांसे फूली रही, वहीं हांसी रोड करीब दो घंटे तक पुलिस छावनी में बदला रहा। यहां पर अनावश्यक वाहनों का भी रुट बदल दिया गया। जबकि इस रूट पर पैदल जत्थों व ट्रैक्टरों को भी नहीं जाने दिया गया। मंत्री के कार्यक्रम के दौरान ही कर्मचारियों की भी बाइक पर विरोध प्रदर्शन था।
बासिया भवन के समीप रेस्ट हाउस की तरफ जाने वाले ट्रैक्टर को रोकते पुलिस कर्मचारी। संवाद- फोटो : Bhiwani