एसडीएम को ज्ञापन देते हुए किसान संगठनों के लोग।
लोहारू। किसान मजदूर शोषण मुक्ति मोर्चा व अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री पार्क में क्षेत्र के अनेक किसान एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में किसानों ने शहर में प्रदर्शन करते हुए एसडीएम दीपक बाबूलाल करवा को ज्ञापन सौंपा।
रामसिंह श्योराण व पूर्व सरपंच मंदरूप यादव की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित किसानों की बैठक में विभिन्न किसान नेताओं ने सरकार पर जमकर निशाने साधे। किसानों ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह बारवास गांव में बोलेरो गाड़ी व उसमें दो युवकों जुनैद व नासिर को जलाकर मारने के कथित दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करें। उन्होंने कहा कि सरकार को 2020 में बर्बाद हुई किसानों की खरीफ फसल के मुआवजे को शीघ्र वितरित करे, पिछले दिनों पाले से बर्बाद फसल की शीघ्र गिरदावरी कराके पीड़ित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा प्रदान करे। किसान मजदूर शोषण मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह गोठड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार केवल पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है। आज प्रदेश का किसान, मजदूर, कर्मचारी व आम आदमी सरकार की दमनकारी नीतियों से परेशान है। इस अवसर पर कामरेड ओमप्रकाश, मास्टर जगरोशन, उमेद गोठड़ा, रोहताश झुप्पा, धमेंद्र बारवास, मीर सिंह गोठड़ा, प्रकाश झूपा खुर्द, नरेश झुपा खुर्द, फूलसिंह मलिक, अशोक आर्य, प्रताप सिंह सिंह, मीर सिंह, सतबीर ओबरा, ओमप्रकाश दलाल, सुखदेव उपस्थित रहे।