फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: तेजधार हथियार से गला रेत किसान की हत्या, कमरे के बाहर मिला शव

विज्ञापन
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस की टीम।
विज्ञापन
बहल। कस्बा निवासी 50 वर्षीय किसान दलीप लाखलाण उर्फ पप्पू की सोमवार रात खेत में तेजधार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मंगलवार सुबह जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खेत में पहुंचे तो दलीप का खून से लथपथ शव कमरे के बाहर जमीन पर पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन


भिवानी से आई एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार किसान दलीप लाखलाण सोमवार रात करीब नौ बजे पुराना डाकघर स्थित अपने घर से खेत में पानी लगाने के लिए बाइक लेकर गया था। जब मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खेत के पड़ोसियों से संपर्क किया। पड़ोसियों ने बताया कि वह खेत में बने कमरे के सामने पड़ा हुआ है। यह सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि दलीप मृत अवस्था में पड़ा था। उसके गले पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए थे और शरीर खून से सना हुआ था।

परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वारदात स्थल को सीलकर भिवानी से एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। परिजनों का कहना है कि दलीप रोजाना की तरह खेत में पानी देने और फसल की रखवाली के लिए जाते थे। वह वहीं बने कमरे में रात गुजारते और सुबह पांच बजे दूध निकालने के लिए घर लौट आते थे। उन्होंने आशंका जताई कि दलीप की किसी रंजिश के चलते हत्या की गई है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या के सभी एंगल से जांच कर रही है। एफएसएल की मदद से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और जल्द ही हत्यारों का सुराग मिल जाएगा।
विज्ञापन




बाइक पर टंगी मिली दूध की डोली, पैरों के पास पड़ा था मोबाइल फोन

किसान दलीप घर से जाते समय रोजाना की तरह चाय बनाने के लिए दूध की डोली अपने साथ ले गए थे। वारदात वाली रात भी वह डोली बाइक पर टांग कर ले गए थे। सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो बाइक वहीं खड़ी थी और दूध की डोली अब भी उस पर टंगी थी। इससे आशंका है कि हमलावर पहले से खेत में छिपे बैठे थे और मौके मिलते ही दलीप पर हमला कर दिया। मृतक की एक चप्पल शव के पास पड़ी थी जबकि मोबाइल फोन उसके पैरों के पास मिला। खेत की एक लाइन में पानी चल रहा था जिससे अंदाजा है कि दूसरी लाइन बदलने से पहले ही दलीप पर हमला कर दिया गया।



बेटा सेना में सेवारत, बेटी रोढा गांव में विवाहित

किसान दलीप के एक बेटा और एक बेटी है, दोनों विवाहित हैं। बेटी तोशाम क्षेत्र के रोढा गांव में विवाहित है जबकि बेटा सचिन राजस्थान के कालरी गांव में शादीशुदा है और वर्तमान में कोयंबटूर में भारतीय सेना में सेवारत है। पुलिस ने मंगलवार को भिवानी के नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया। परिवार ने बताया कि बेटे सचिन के मंगलवार देर रात बहल पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।



एक साल में दो बार हो चुका है किसान के साथ झगड़ा

सूत्रों के अनुसार किसान दलीप का पिछले एक वर्ष में दो बार विवाद हो चुका था। कुछ दिन पहले उसका गांव के कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था जिसकी शिकायत उसने बहल थाना पुलिस को दी थी। वहीं करीब आठ महीने पहले दलीप का एक महिला के साथ भी विवाद हुआ था जिसमें पुलिस ने शिकायत पर महिला व अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें