हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (एचएसएससी) की ओर से करवाई जा रही क्लर्क भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए जिले में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। शहर के 51 परीक्षा केंद्रों पर कक्षाओं के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एंट्री करने वाले प्रत्येक परीक्षार्थी और स्टाफ सदस्य की वीडियोग्राफी होगी। वहीं बाह्य हस्तक्षेप रोकने के लिए प्रत्येक सेंटर के सामने करीब 10 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। शहर में पांच अतिरिक्त पुलिस नाके भी लगाए गए हैं। करीब छह सौ पुलिसकर्मी सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज प्रबंधन ने भी प्लानिंग तैयार की है और 15 बसें अतिरिक्त विकल्प के तौर पर रखी है। जहां के परीक्षार्थी होंगे, उसी रूट पर बसें दौड़ाई जाएंगी। इसके लिए ग्रामीण रूटों पर तीन दिन कटौती की गई है। साथ ही छुट्टी पर गए कर्मचारियों को भी बुलाया गया है।
एचएसएससी की ओर से 21 से 23 तक कराई जाने वाली क्लर्क भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने भी कमर कस ली है। शहर के 33 शिक्षण संस्थाओं में 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए है, जहां करीब 84 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर करीब 1400 सीसीटीवी कैमरे अंदर और बाहर लगाए गए हैं। सभी केंद्रों पर जैमर भी लगाए गए हैं। अधिकारी मुख्यालय से भी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रख सके, ऐसी नेट व्यवस्था भी की गई है। भिवानी जिले के परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र कैथल, अंबाला, जींद, पंचकूला, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, यमुनानगर, सिरसा आदि जिलों में बनाए गए हैं।
600 पुलिसकर्मी रोकेंगे बाहरी हस्तक्षेप, पीसीआर, राइडर करेंगे गश्त : पुलिस प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर करीब 10-10 पुलिस कर्मचारियों की जिम्मेदारी बाह्य हस्तक्षेप रोकने के लिए लगाई गई है। सभी केंद्रों पर महिला पुलिस कर्मी भी रहेगी। पूरी जांच के बाद ही एंट्री होंगी। इसके अलावा 12 पेट्रोलिंग पार्टी और 12 राइडर को भी लगातार परीक्षा केंद्रों की गश्त के निर्देश है। सभी डीएसपी, थाना और चौकी प्रभारियों की भी निगरानी के लिए जिम्मेदारी लगाई गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी एक-एक विशेष टीमें एसएचओ के नेतृत्व में गठित की गई है। बाहरी वाहनों की शहर में एंट्री रोकने के लिए पांच विशेष नाके लगाए गए है, जहां पुलिस कर्मी बाहरी वाहनों को बाईपास निकालेंगे।
यहां होगी परीक्षा
- सर्वपल्ली राधा कृष्ण स्कूल
- राजीव गांधी महिला महाविद्यालय
- राजकीय महाविद्यालय
- चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय
- भिवानी पब्लिक स्कूल
- बिट्स इंटरनेशल स्कूल
- चौ. बंसीलाल पॉलिटेक्निक
- वैश्य मॉडल स्कूल
- वैश्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
- वैश्य कॉलेज
- टीआईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज
- हलवासिया स्कूल
- पंडित सीताराम शास्त्री कन्या स्कूल
- बाल भवन पब्लिक स्कूल
- सैनिक स्कूल विद्यानगर
- डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल,कोंट रोड
- गोस्वामी चंद्रगिरी स्कूल
- फूला देवी कन्या स्कूलख् पतराम गेट
- राजकीय उच्च विद्यालय, हनुमान ढाणी
- शिशु भारती उच्च विद्यालय
एचएसएससी की क्लर्क परीक्षा के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई है। किसी तरह का बाहरी हस्तक्षेप नहीं होने दिया जाएगा।
गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक