प्राइवेट बसों के खिलाफ ज्ञापन सौंपते ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के सदस्य। संगठन
भिवानी। जिले में निजी बस संचालकों की ओर से सरकारी नियमों की अनदेखी और बुजुर्गों तथा छात्र-छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार का मामला लगातार बढ़ रहा है। इस पर नियंत्रण के लिए वीरवार को ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की जिला कमेटी ने क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण (आरटीए) कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले में चलने वाली निजी बसों के परिचालक सीनियर सिटीजन (वरिष्ठ नागरिक) और पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के प्रति संवेदनहीन व्यवहार कर रहे हैं। बुजुर्गों को किराए में दी जाने वाली 50 प्रतिशत छूट की अनदेखी की जा रही है और उनसे पूरा किराया वसूला जा रहा है। इसी तरह शिक्षण संस्थानों में जाने वाले छात्रों से भी आधा किराया लेने के बजाय पूरा किराया मांगा जाता है। छात्र के पास पूरा किराया नहीं होता, तो उन्हें बीच रास्ते में ही उतार दिया जाता है, जिससे उनकी सुरक्षा और शिक्षा पर संकट उत्पन्न होता है।
संगठन के जिला प्रधान रोहतास सिंह सैनी ने कहा कि पिछले साल अगस्त में भी परिवहन मंत्री को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन शासन और प्रशासन की सुस्ती के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निजी बस संचालकों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो संगठन और आंदोलन तेज करेगा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।प्रतिनिधि मंडल में फूलचंद, महेंद्र सिंह कटारिया, सतवीर सिंह, फतेह सिंह, नरेश कुमार, राजेश कुमार, राजाराम दिनोद मौजूद रहे।