58 फोटो हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित एचटेट परीक्षा में परीक्षा केंद्र के अंदर प्र
- फोटो : Bhiwani
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की अध्यापक पात्रता परीक्षा की पीजीटी लेवल तीन की परीक्षा सुरक्षा के कड़े पहरे और सीसीटीवी की निगरानी में हुई। 90118 में से 81200 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे और 8918 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यानी 91 फीसदी ने परीक्षा दी। परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों ने स्नातक, स्नातकोत्तर स्तर के प्रश्न पूछे जाने और प्रश्न पत्र समय के अनुसार नहीं होने की भी बात कही। नकल रहित परीक्षा कराने के लिए बोर्ड की ओर से महिला कर्मचारियों की पांच विशेष फ्लाइंग बनाई गई। जिसमें सिर्फ महिलाएं ही शामिल रही। इसे अलावा बोर्ड मुख्यालय पर बनाए गए हाईटेक कंट्रोल रूम से भी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
अध्यापक पात्रता परीक्षा के पहले दिन शनिवार को लेवल तीन पीजीटी की परीक्षा हुई। परीक्षा दोपहर तीन बजे शुरू हुई और साढ़े पांच बजे तक चली। करीब सवा दो घंटे पहले ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू कर दिया गया था।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह व सचिव राजीव प्रसाद ने भिवानी के परीक्षा केंद्र राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, केएम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी गेट, व वैश्य मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लोहारू रोड का निरीक्षण किया। लगाए गए जैमर व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन व पुलिस के सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्ण रही। लेवल-3 की परीक्षा में 81200 परीक्षार्थियों ने 307 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा दी। बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि निरीक्षण के लिए बोर्ड ने 157 अति-प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया गया है। जिसमें पहली बार पांच महिला विशेष उड़नदस्तों का शक्तिवाहिनी व दुर्गावहिनी के नाम से गठन किया गया इसके अतिरिक्त निदेशक, सेकेंडरी शिक्षा विभाग, पंचकूला द्वारा 28 उड़नदस्तों का गठन किया गया है।
आज दो शिफ्टों में परीक्षा देंगे 193760 परीक्षार्थी : 17 नवंबर को प्रात: कालीन सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा होगी। जिसके लिए प्रदेशभर में 360 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इसके लिए 1,08,567 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यह परीक्षा सुबह 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय सुबह 07:50 बजे से होगा। शाम की शिफ्ट में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 85,373 अभ्यर्थी 292 परीक्षा केंद्रों में प्रविष्ट होंगे। इस परीक्षा का समय दोपहर बाद तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा। इसके लिए प्रवेश दोपहर 12:50 से शुरू होगा।
64 फोटो एचटेट परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए शिक्षाबोर्ड चेयरमैन व सचिव।- फोटो : Bhiwani
70 फोटो एचटेट परीक्षा के चलते शिक्षाबोर्ड कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों पर नजर बनाए हुए अधिकारी- फोटो : Bhiwani