87 फोटो गांव हालुवास के मतदान केंद्र पर तैनात पुलिस के जवान।
- फोटो : Bhiwani
सोमवार को विधानसभा चुनावों में मतदान के बाद प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया और इन मशीनों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के स्ट्रॉन्ग रूम में थ्री टीयर की कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। स्ट्रॉन्ग रूम के थ्री टीयर सुरक्षा घेरे में पैरामिलिट्री फोर्स, हरियाणा आर्म्ड पुलिस और जिला पुलिस के कर्मचारी शामिल हैं। थ्री टीयर की सुरक्षा में छह से सात कंपनियां शामिल की गई हैं। सबसे अंदर जहां पर स्ट्रॉन्ग रूम है वहां पर सुरक्षा का जिम्मा पैरामिलिट्री फोर्स ने संभाल लिया है। पैरामिलिट्री फोर्स की दो कंपनियां लगाई गई हैं। सेकेंड टीयर में हरियाणा आर्म्ड पुलिस शामिल की गई है। इसकी भी दो कंपनियां तैनात की गई हैं। पुलिस की भी दो कंपनियां सुरक्षा में लगाई गई हैं। तीसरी सुरक्षा कतार की जिम्मेदारी जिला पुलिस के कंधों पर होगी। डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारी को थ्री टीयर सिस्टम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साढ़े तीन हजार जवानों ने संभाला विधानसभा चुनावों में सुरक्षा का मोर्चा : भिवानी जिले की भिवानी, तोशाम, बवानीखेड़ा और लोहारू विधानसभा क्षेत्र के चुनावों में 949 बूथों की सुरक्षा के साथ आसपास के इलाकों पर भी अर्ध सैनिक बलों व सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों की चप्पे चप्पे पर पैनी नजर रही। जिले भर में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं पर भी कोई बड़ी घटना नहीं हुई वहीं जिला पुलिस कप्तान की पेट्रोलिंग टीम भी एक बूथ से दूसरे बूथ तक सुरक्षा का जायजा लेने पहुंची। इसके अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट की टीमों ने भी एक बूथ से दूसरे बूथ पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ शांतिपूर्वक मतदान का भी जायजा लिया। विधानसभा चुनावों को लेकर सीआईएसएफ, बीएसएफ, असम राइफल, पुलिस सहित करीबन सात कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके करीबन साढ़े तीन हजार सुरक्षाकर्मी मतदान के दौरान जिले भर के बूथों पर तैनात रहे। मतदान केंद्रों पर भी दोहरा सुरक्षा का घेरा बना हुआ था। मतदान केंद्रों के बाहर पैरा मिलिट्री के जवानों के साथ लोकल पुलिस व अंदर असम राइफल के साथ बीएसएफ के जवानों ने मोर्चा संभाले रखा।
संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर भी कड़ी सुरक्षा दिखी : चुनाव आयोग द्वारा मतदान के लिए ग्रामीण व शहरी इलाकों में बनाए गए बूथों में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर भी सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। हालांकि इन बूथों पर मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्वक रहा, मगर फिर भी सुरक्षा की लिहाज से यहां पर पर्याप्त सुरक्षा बल भेजा गया था वहीं पुलिस के आला अधिकारियों की टीमें भी लगातार इन बूथों पर गश्त करती हुई दिखाई दी। बूथों पर पेट्रोलिंग टीमें भी हर दस से 15 मिनट के अंतराल पर पहुंचकर हालातों का जायजा ले रही थी।