भिवानी। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हाल में बुधवार को डीसी महावीर कौशिक की अध्यक्षता में रेडक्रास सोसायटी की बैठक हुई। उपायुक्त ने रेडक्रॉस, पंचायत विभाग, डीआइटीएस, खाद्य आपूर्ति विभाग व स्वास्थ्य विभाग को आपसी सामंजस्य बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज बनाने में सबकी सहभागिता जरूरी है।
उपायुक्त ने कहा कि रेडक्रॉस अधिकारी जिले में डोर-टू डोर सर्वे कर 60 साल से ऊपर के लोगों के समक्ष स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की पहचान करें, ताकि उनका मेडिकल चैकअप करवा कर उनको जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण मुहैया करवाए जा सकें। सहायक उपकरण व कृत्रिम अंग मुहैया करवाने में धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाए।
आं
गनबाड़ी
केंद्रों में लगे स्वास्थ्य जांच शिविर
उपायुक्त कौशिक ने कहा कि स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं। बच्चों को एनीमिया से मुक्ति के लिए सही पोषण के बारे में बताना जरूरी है। उपायुक्त कौशिक ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों को योगासन, प्राणायाम के प्रति जागरूक करें। बैठक के दौरान रेडक्रॉस सचिव प्रदीप हुडा ने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम के तहत जिलेभर से 498 दिव्यांगजनों को चिह्नित कर एक करोड़ 73 लाख 29 हजार 314 रुपये के 894 सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित किए गए। बैठक में एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, एसडीएम मनोज दलाल, एसडीएम विजया मलिक, नगराधीश अनिल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर, डीईओ निर्मल दहिया, डीएफएससी प्रदीप कौशिक, डीआईओ अमित लांबा आदि मौजूद रहे।