भिवानी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर कौशिक ने रविवार को शिक्षा बोर्ड भवन परिसर में बनाए गए भिवानी और बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी निगरानी में रहेंगे। स्ट्रांग रूम में अनधिकृत लोगों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
उपायुक्त कौशिक ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से स्ट्रांग रूम में आने वाले लोगों की हाजिरी की जानकारी ली। उन्होंने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवीपैट के बारे में अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं ईवीएम की कमिशनिंग के कार्य का बारीकी से मूल्यांकन किया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदान प्रक्रिया में प्रयोग होने वाले सभी प्रकार के प्रपत्रों और अन्य सामग्री को अच्छी प्रकार से जांच कर थैलों में डालें। डीसी कौशिक ने कहा कि चुनाव को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपूर्ण करवाना अधिकारियों का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम के सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से काम करने चाहिए। सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी होगी। राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के अभिकर्ता या अन्य अधिकृत व्यक्ति अगर स्ट्रांग रूम परिसर में आते हैं तो उनकी रजिस्टर में एंट्री अवश्य होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था बहुत महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान की समाप्ति के बाद मतदान दल ईवीएम और वीवीपैट स्ट्रांग रूम में जमा करेगी। इसकी सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया जाएगा।
उपायुक्त कौशिक ने कहा कि इवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम को सील किया जाएगा। सुरक्षा बलों की ड्यूटी कई पाली में लगाई जाएगी ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त एवं बवानीखेड़ा के निर्वाचन अधिकारी हर्षित कुमार और भिवानी के एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी महेश कुमार भी मौजूद थे।