भिवानी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पवन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को विडो सेल की मासिक ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलेभर में विधवा महिलाओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। सीजेएम पवन कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से विधवा महिलाओं के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें पेंशन योजनाएं प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विधवा तक समय पर पहुंचना चाहिए। सीजेएम ने जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी विधवा महिला या उसके बच्चे से संबंधित पेंशन फॉर्म में कोई कमी रह जाती है तो संबंधित परिवार को फोन द्वारा सूचित कर आवश्यक सुधार तत्काल करवाए जाएं, ताकि किसी पात्र महिला को पेंशन से वंचित न रहना पड़े।
वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों को महिलाओं और उनके बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाओं एवं योजनाओं के बारे में समय-समय पर जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की।