रेलवे स्टेशन के नजदीक अतिक्रमण पर चलता पीला पंजा। संवाद
भिवानी। रेलवे स्टेशन से घंटाघर सराय चौपटा तक करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से बन रहे माल रोड के निर्माण कार्य के बीच मंगलवार को रेलवे स्टेशन मार्ग पर नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नगर परिषद के दस्ते ने दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण पर पीला पंजा चलाया जिससे दुकानदारों में रोष फैल गया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
नगर परिषद शहर में रेलवे स्टेशन से घंटाघर सराय चौपटा तक माल रोड का निर्माण और सुंदरीकरण कार्य करा रही है। माल रोड निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता आबिद हुसैन की अगुवाई में पहुंचे दस्ते ने पहले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
इसके बाद जेसीबी की मदद से दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया तथा बाहर लगे बोर्ड भी तोड़ दिए गए। कई ढाबा संचालकों के काउंटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान दुकानदारों ने नगर परिषद की कार्रवाई का विरोध किया। मौके पर मौजूद कनिष्ठ अभियंता आबिद हुसैन और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई लेकिन नगर परिषद की टीम ने दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटा दिया।
दुकानादारों को बताया गया कि रेलवे स्टेशन मार्ग पर नगर परिषद नई फुटपाथ बनाने के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डालने का कार्य कर रही है। कुछ दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण के कारण फुटपाथ निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ था। इसी कार्य को पूरा कराने के लिए नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।