हनुमान गेट क्षेत्र में टूटे हुए बिजली के पोल से तारों को समटते बिजली निगम कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। एनएच-709ई हनुमान गेट क्षेत्र में तूड़े से भरे ट्रॉले ने सड़क किनारे खड़ा बिजली खंभा तोड़ डाला। खंभा टूटने से हनुमान गेट क्षेत्र के करीब 100 घरों में बिजली आपूर्ति रात भर गुल रही। घटना वीरवार रात साढ़े 10 बजे की है। इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। बिजली खंभा टूटने से कई उपभोक्ताओं के बिजली मीटर भी टूट गए। वहीं एक गली का रास्ता भी खंभा टूटने और तार सड़क पर बिखरने की वजह से बंद हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह निगम कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पोल की जगह नया पोल लगाने का काम शुरू किया।
हनुमान गेट क्षेत्र के लोगों ने बताया कि एनएच-709ई पर हनुमान गेट चौक के समीप तूड़े से भरे एक अज्ञात ट्रॉला तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ रहा था। जो अनियंत्रित होकर एक खंभे को तोड़ता हुआ आगे बढ़ गया। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। रात को ही हनुमान गेट क्षेत्र पर एक बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब 100 घरों की बिजली गुल हो गई। एलटी लाइन का खंभा टूटने की वजह से तार भी सड़क पर ही बिखर गए। अंधेरा होने की वजह से काम शुरू नहीं हो पाया, इसलिए शुक्रवार सुबह निगम कर्मचारी पहुंचे और बिजली आपूर्ति बहाल करने के संबंध में काम शुरू हुआ। निगम के जेई संदीप नेहरा ने बताया कि अज्ञात ट्रॉला की टक्कर से एलटी लाइन का एक खंभा टूट गया। इसकी जगह नया खंभा लगाया गया है। निगम को करीब दस से 15 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ वहीं बिजली आपूर्ति भी कई घंटों तक बाधित रही है। जेई ने बताया कि निगम कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। वहीं घटना के संबंध में निगम के उच्चाधिकारियों को भी जानकारी दी गई।