तोशाम क्षेत्र के गांव हसान में मंगलवार दोपहर खेत में लाइन बदलने के दौरान करंट लगने से चाचा-भतीजा की मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम होगा। वहीं दोनों की मौत की सूचना के बाद गांव हसान में मातम छा गया। मामला मंगलवार दोपहर करीब दो बजे का है।
गांव हसान वासी 32 वर्षीय अनूप ने खेत में कपास लगा रखी है। मंगलवार को पानी लगाना था, जिसके लिए लाइन बदलनी थी। वह लाइन बदल रहा तो एल्यूमिनियम का पाइप 11केवी बिजली के तारों को छू गया। जिससे उसे करंट लगा। वहीं उसकी मदद के लिए आए रिश्ते में भतीजा 46 वर्षीय विनोद ने देखा तो बचाव के प्रयास किए। इसी दौरान उसे भी करंट लग गया। दोनों करंट लगने के बाद जमीन पर गिर गए। वहां से गुजर रहे गांव के ही सतबीर ने दोनों को देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। जिसके बाद दोनों को आपातकालीन विभाग लाया गया। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत की सूचना से गांव में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
बहल थाना से एएसआई राजपाल ने बताया कि अभी करंट से दो की मौत की सूचना मिली है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।