ऑनलाइन तबादला नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के सदस्
भिवानी। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन (संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा) ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन के नजदीक बिजली बोर्ड प्रांगण में गेट मीटिंग कर ऑनलाइन तबादला नीति के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार की इस नीति को कर्मचारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे अविलंब वापस लेने की मांग की।
गेट मीटिंग में बतौर मुख्य वक्ता यूनियन के राज्य सचिव लोकेश, सर्कल सचिव अशोक गोयत, राज्य ऑडिटर धर्मबीर भाटी और जिला प्रधान रविंद्र दिनोद उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन तबादला नीति के तहत अब हरियाणा कौशल रोजगार निगम और तकनीकी कर्मचारियों का भी स्थानांतरण किया जाएगा, जो पूरी तरह से कर्मचारी विरोधी कदम है।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस नीति से कर्मचारियों को मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्याओं और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, जिससे जान-माल का भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द कर्मचारियों की मांगें नहीं मानीं, तो उन्हें बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस अवसर पर प्रेस प्रवक्ता अभिषेक शर्मा, मनदीन बेरवाल, मनदीप फौगाट, उमेश, धीरज व शमशेर सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।