फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani: बिजली निगम आरएपीडीआरपी सिस्टम में उलझा, 45 हजार उपभोक्ता का चार माह से बिल नहीं आया

Mon, 03 Jul 2023 12:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संजय वर्मा, संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)

सार

सब डिविजन दो के 27 गांवों में आरएपीडीआरपी सिस्टम से उपभोक्ताओं को जोड़ने का काम चल रहा है। प्रत्येक बिजली उपभोक्ता को अब दस डिजिट का नया मीटर नंबर जारी किया जाएगा। इस यूनिक नंबर से ही उपभोक्ता का पूरा डाटा हिसार मुख्यालय से ऑनलाइन जुड़ जाएगा।
विज्ञापन
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगर सर्कल कार्यालय। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम शहरी सब डिविजन नंबर दो के तहत आने वाले करीब 27 गांवों में बिजली उपभोक्ताओं को आरएपीडीआरपी (री-स्ट्रक्चर्ड एक्सीलरेटेड पावर डेवलपमेंट एंड रिफॉर्म प्रोग्राम) स्कीम से जोड़ने में लगा है। इसके बाद प्रत्येक बिजली उपभोक्ता को अब दस डिजिट का नया मीटर नंबर जारी किया जाएगा।

विज्ञापन


इस यूनिक नंबर से ही उपभोक्ता का पूरा डाटा हिसार मुख्यालय से ऑनलाइन जुड़ जाएगा। वहीं बिजली बिल भी ऑन द स्पॉट मिलना शुरू होगा। मगर इस प्रक्रिया के चलते जिले के 27 गांवों के करीब 45 हजार बिजली उपभोक्ताओं के पिछले करीब चार माह से बिजली बिल नहीं पहुंचे हैं।

इससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई हैं। हालांकि निगम मीटर रीडिंग का रिकॉर्ड भी दर्ज करा चुका है। लेकिन नए सिस्टम में डाटा दर्ज कराने की वजह से बिल तैयार नहीं हो पा रहे हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम शहरी दायरे के बाद अब ग्रामीण क्षेत्र की सब डिविजनों में आरएपीडीआरपी सिस्टम लागू कर रहा है।
विज्ञापन


इस सिस्टम में प्रत्येक उपभोक्ता का पुराना बिजली मीटर नंबर के साथ दस डिजिट का नया नंबर भी जारी किया जाएगा। इस नए डिजिट के नंबर से ही उपभोक्ता का मोबाइल नंबर, आधार कार्ड भी लिंक किया जाएगा।

इसके बाद उसके फोन पर बिजली बिल से जुड़ी जानकारी अपडेट हो सकेगी। वहीं बिजली उपभोक्ता का पूरा डाटा भी हिसार मुख्यालय के बैक आफिस से जुड़ जाएगा। भविष्य में अगर उपभोक्ता किसी भी तरह के बिलिंग या फिर मीटर में लोड बढ़वाने संबंधी अन्य शिकायतें निगम को देगा तो उसका समाधान भी अब हिसार में बैक आफिस में बैठे अधिकारी ही करेंगे।

अब तक सब डिविजन स्तर के अधिकारी ही बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण करा देते थे, मगर आरएपीडीआरपी सिस्टम लागू होने के बाद स्थानीय अधिकारी न तो बिजली उपभोक्ता के बिजली बिल संबंधी त्रुटियां ठीक कर पाएंगे बल्कि नया बिजली कनेक्शन लेने और पुराने कनेक्शन को डिस्कनेक्ट कराने तक के कार्य की अनुमति बैक ऑफिस से लेनी अनिवार्य होगी। 

चार माह से कर रहे बिजली बिल का इंतजार, मोटी राशि का कैसे करेंगे भुगतान
गांव चांग निवासी राजेश्वर, राजेंद्र, महावीर ने बताया कि उनके घरों में चार माह से बिजली बिल नहीं भेजा गया है। जबकि मीटर रीडिंग का काम अपडेट हो चुका है। एक साथ पांच से छह माह का बिल अगर निगम थमाएगा तो मोटी राशि का एकमुश्त भुगतान संभव नहीं होगा।

हर दो माह बाद बिलिंग होती है। इसमें दो माह के बिल का भुगतान में उपभोक्ता को ज्यादा परेशानी भी नहीं आती है, लेकिन एक साथ छह माह का बिल थमाया जाएगा तो हजारों का भुगतान एक साथ संभव नहीं हो पाएगा। निगम किस्तों में बिल भुगतान की भी कोई योजना नहीं होने की बात कह रहा है। ऐसे में उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

बिजली उपभोक्ताओं के डाटा को नए सिस्टम में अपडेट करने में जुटे अधिकारी
री-स्ट्रक्चर्ड एक्सीलरेटेड पावर डेवलपमेंट एंड रिफॉर्म प्रोग्राम के तहत ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं के डाटा को नए सिस्टम में अपडेट करने का काम में निगम अधिकारी जुटे हैं। ये डाटा करीब चार माह से अपडेट किया जा रहा है। पूरा डाटा अपडेट होने के बाद ही नए सिस्टम के हिसाब से उपभोक्ताओं के मीटरों की रीडिंग और बिलिंग का सिस्टम भी अपग्रेड होगा।

शहरी सब डिविजन दो में आरएपीडीआरपी सिस्टम अपडेट किया जा रहा है। इस सिस्टम के बाद बिजली उपभोक्ताओं का डाटा पूरी तरह से ऑनलाइन हो जाएगा। हिसार मुख्यालय के अधिकारी भी इस सिस्टम के जरिए बिजली उपभोक्ताओं की संबंधित शिकायतों का वहां बैठे ही निवारण कर देंगे। नए सिस्टम की वजह से बिलिंग में थोड़ी दिक्कतें आई हैं, जल्द ही बिल उपभोक्ताओं को जारी कराए जाएंगे। -रणबीर सिंह, महाप्रबंधक भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें