बवानीखेड़ा। बिजली निगम के डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है। इसी को लेकर उपमंडल अभियंता राजेंद्र कुमार के आदेशानुसार कनिष्ठ अभियंता सुमित, अजय राणा, विनोद कुमार, सतीश कुमार, रवि, विनोद आदि की टीमें गठित की गईं। जिन्होंने सरकारी कार्यालयों व निजी कनेक्शन उपभोक्ताओं के पास जाकर बकाया राशि जमा कराने के आदेश दिए।
बता दें कि तहसील कार्यालय का 25 लाख का बिल बकाया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग का भी करीबन एक लाख का बिल बकाया है। वहीं, राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय का करीबन 60,000 रुपये का बिल पेंडिंग हैं। वहीं, थाना कार्यालय, बीडीपीओ, रेलवे स्टेशन आदि में भी विभाग की हजारों की राशि बकाया है। विभाग द्वारा सूची तैयार कर ली गई है और बिल अदा न होने की एवज में जल्द ही कनेक्शन काटे जाएंगे। बता दें कि बीते वर्ष भी काफी समय तक तहसील कार्यालय के कनेक्शन काटे जाने पर काम बाधित हुए थे। वहीं इस बारे में उपमंडल अभियंता राजेन्द्र कुमार ने बताया कि विभाग के आदेश है। यदि बिल जमा नहीं करवाए गए तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे।